बरसात के दौरान तूफान से थानेसर शहर व विभिन्न कॉलोनियों की बिजली गुल हो गई। बिजली के खंभे व तार टूटने से निगम को नुकसान हुआ। हजारों मीटर कनेक्शन बंद हो गए।
समाचार लिखे जाने तक बिजली निगम के दो अधिकारी व 20 कर्मचारी व्यवस्था सुचारु करने में जुटे थे। उम्मीद जताई जा रही है कि देररात तक पूरे इलाके में बिजली की सप्लाई शुरू हो जाएगी।
शनिवार दोपहर को तूफानी हवा से आई तेज बरसात से शहर व आसपास के गांवों में बिजली के खंभे व तार टूट गए। मौसम को देखते हुए निगम ने अनहोनी की आशंका के चलते बिजली सप्लाई काट दी।
आधा घंटे मेघा जमकर बरसे और फिर बाद में कीर्ति नगर, गांधी नगर, मॉडल टाऊन, दर्राखेड़ा, चक्रवर्ती मोहल्ला, शांति नगर, कल्याण नगर, गांव बिशनगढ़ सहित थानेसर शहर के कई मोहल्लों में बिजली सप्लाई ठप हो गई।
जब देर शाम तक बिजली आपूर्ति नहीं हो पाई तो लोगों ने शिकायत केंद्र पर संपर्क किया। जहां से जानकारी दी गई कि विभिन्न जगहों पर बिजली के खंभे टूट गए हैं।
इस कारण अभी समस्या का हल नहीं किया जा सकता। वैसे ड्यूटी पर मौजूद कर्मियों ने रात 11 बजे तक पूरे क्षेत्र में बिजली सप्लाई होने का आश्वासन दिया है।
दो एसडीओ और 20 कर्मी जुटे काम में
बिजली निगम के कार्यकारी अभियंता आरके तेवतिया के अनुसार तूफान से थानेसर शहर और कई कॉलोनियों में बिजली के खंभे टूट गए हैं।
उन्होंने बताया कि कुछ स्थानों पर तारें भी टूटने की सूचना है। इस वजह से बिजली सप्लाई बाधित है। उनके मुताबिक दो एसडीओ की देखरेख में निगम के 20 कर्मचारी व्यवस्था दुरुस्त करने में जुटे हैं। देररात तक बिजली सप्लाई सुचारु होने की पूरी उम्मीद है।