कॉलेजों को बंद करवा मांगों के प्रति रोष जाहिर करते आंदोलनरत एबीवीपी (अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद) के सदस्यों सहित दर्जनों विद्यार्थियों को पुलिस ने बल प्रयोग कर खदेड़ दिया। प्रदर्शनकारी एमएलएन कॉलेज गेट पर ताला और विभिन्न पोस्टर लगाकर नारेबाजी कर रहे थे, इसी दौरान पुलिस ने स्थिति को बिगड़ता देख उन्हें चेतावनी देने के बाद मौके से खदेड़ दिया।
वहां से सभी कार्यकर्ता और विद्यार्थी तितर-बितर हो गए और आंदोलन को बीच में खत्म करना पड़ा। इस दौरान पुलिस ने मौके से एबीवीपी के दो छात्र नेताओं को हिरासत में भी लिया, जिन्हें कुछ देर बाद छोड़ दिया गया। इससे पूर्व एबीवीपी सदस्यों द्वारा यमुनानगर के गुरुनानक खालसा कॉलेज और जगाधरी के अग्रसेन कॉलेज को भी बंद करवा मांगों को लेकर प्रदर्शन सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया।
एमएलएन कॉलेज गेट पर पुलिस कार्रवाई के चलते आंदोलन के बीच में खत्म होने पर एबीवीपी के सदस्यों ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पुलिस द्वारा छात्रों पर लाठियां भांजकर आंदोलन को दबाने का आरोप लगाया। साथ ही इसकी शिकायत पुलिस प्रशासन के उच्चाधिकारियों से करने की बात कही।
शनिवार को करीब नौ बजे ही एबीवीपी के कार्यकर्ता यमुनानगर के गुरु नानक खालसा कॉलेज पर विभाग संयोजक विक्रम राणा और सचिन के नेतृत्व में विद्यार्थियों से जुड़ी विभिन्न मांगों को लेकर प्रस्तावित आंदोलन के तहत कॉलेज गेट पर ताला लगाकर कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। इसी प्रकार प्रदेश उपाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह और जिला सहसंयोजक निश्चल चौधरी के नेतृत्व में जगाधरी के महाराजा अग्रसेन कॉलेज पहुंचे।
जहां उन्होंने कॉलेज गेट पर ताला लगाकर प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। यहां पुलिस ने हालात को बिगड़ता देख हल्के बल का प्रयोग कर सुरेंद्र सिंह को अपनी हिरासत में लिया।
जब एबीवीपी कार्यकर्ता जतिन और आयुष के नेतृत्व में एमएलएन कॉलेज पर प्रदर्शन करने पहुंचे और कॉलेज गेट पर ताला व विभिन्न पोस्टर लगाकर प्रदर्शन करना शुरू किया। जब पुलिस द्वारा चेतावनी देते हुए प्रदर्शनकारियों को हलके बल का प्रयोग करते हुए मौके से खदेड़ा और साथ ही विक्रम राणा को अपनी हिरासत में लिया।