पार्टी के मुख्य प्रवक्ता और मंत्री डॉ. दलजीत सिंह चीमा की प्रेस वार्ता।
शिरोमणि अकाली दल ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से कहा है कि वह फिल्म ‘उड़ता पंजाब’ के निर्माण और पंजाब के खिलाफ गहरी साजिश में अपनी भूमिका को स्वीकार करें। पार्टी के मुख्य प्रवक्ता और मंत्री डॉ. दलजीत सिंह चीमा ने फिल्म निर्माता समीर नायर के आम आदमी पार्टी में शामिल होने का ट्विटर पर स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि केजरीवाल ने साबित कर दिया है कि फिल्म के निर्माता आप का नेता है। शिअद ने मामले पर चल रहे विवाद और फिल्म निर्माण को पंजाब के खिलाफ एक गहरी साजिश करार दिया है।
चीमा शनिवार को चंडीगढ़ स्थित पार्टी मुख्यालय में प्रेसवार्ता को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि ‘आप’ अब तक उड़ता पंजाब फिल्म के निर्माता के साथ किसी तरह के संबंध से इंकार करता रहा है, लेकिन अब इस बात से पर्दा उठ चुका है। फिल्म के निर्माता और बालाजी फिल्म के सीईओ ‘आप’ के संचार विंग के सीनियर सदस्य हैं। इससे साबित होता है कि फिल्म निर्माण में आप की अहम भूमिका है।
डॉ. चीमा ने आप को इस मामले में अपनी स्थिति स्पष्ट करने को कहा है। उनका कहना है कि समीर को भी सार्वजनिक रूप से हकीकत स्वीकार करनी चाहिए। समीर फिल्म निर्माता कंपनी में बने रहे और महत्वपूर्ण पोजिशन भी हासिल की।
उन्होंने कहा कि केंद्रीय चुनाव आयोग को इस संबंध में सर्वदलीय बैठक बुलाकर इस मुद्दे पर विचार करना चाहिए, क्योंकि सुनियोजित चुनाव प्रचार के लिए तीन घंटे की फिल्म के निर्माण के लिए पैसे दिए गए। इस मौके पर मुख्यमंत्री के सलाहकार हरचरण सिंह बैंस और उपमुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार जंगवीर सिंह उपस्थित थे।