रक्षाबंधन पर अपनी पत्नियों के साथ ससुराल गए दो सगे साढुओं की सोमवार सुबह ट्रेन से कटकर मौत हो गई। घटना की सूनचा मिलते ही रेलवे पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के हवाले कर दिया।
यह घटना पंजाब-राजस्थान सीमा पर स्थित गांव कोठा की है। दोनों मृतक अबोहर तहसील के गांव सप्पांवाली और रामपुरा के निवासी थे।
गांव सप्पांवाली निवासी करीब 35 वर्षीय विजय कुमार पुत्र मोतीराम अपनी पत्नी छिंद्रपाल कौर और गांव रामपुरा निवासी 30 वर्षीय प्रभुदयाल पुत्र लक्ष्मीराम अपनी पत्नी शीला देवी के साथ रविवार को अपनी ससुराल गांव कोठा में रक्षाबंधन मनाने गए थे। छिंद्रपाल कौर व शीला देवी दोनों सगी बहनें हैं।
इनके पिता हुबा सिंह ने बताया कि सोमवार सुबह उसके दोनों दामाद विजय व प्रभुदयाल घर से बाहर खेतों की ओर घूमने गए थे।
दोनों जब रेल लाइनों पर जा रहे थे कि अबोहर की ओर से आई सरायरोहिला एक्सप्रेस गाड़ी ने इन दोनों को ही अपनी चपेट में ले लिया।
प्रत्यक्षदर्शी वाहन चालकों ने बताया कि दोनों रेल लाइन के बीचों-बीच चलते हुए मोबाइल पर कुछ देख या सुन रहे थे जिससे इन्हें पीछे से आने वाली गाड़ी के बारे में कोई पता नहीं चला।