ट्रेन की चपेट में आकर महिला घायल
- फोटो : amar ujala
यमुनानगर में कलानौर स्टेशन पर कालका-निजामुद्दीन पैसेंजेर ट्रेन के रूकने के दौरान हुए हादसे में ट्रेन से उतर रही दो महिलाएं चपेट में आ गई। इससे एक महिला यात्री का एक पैर व दूसरे पैर का पंजा कटा गया। इससे गुस्साएं यात्रियों ने ट्रेन पर पथराव कर दिया और ट्रेन चालक की पिटाई भी कर दी।
हादसे के कारण ट्रेन स्टेशन पर एक घंटे तक रुकी रही, जिससे अंबाला-सहारनपुर रेल मार्ग पर एक गाड़ी प्रभावित हुई। घायलों में से एक को सिविल व दूसरी महिला यात्री को निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जीआरपी मामले में कार्रवाई कर रही है।
इस्सरपुर गांव निवासी महिला यात्री मोनिका ने बताया कि पति कपिल के साथ कालका-निमाजमुद्दीन ट्रेन से अंबाला से कलानौर आ रही थी। कलानौर स्टेशन से पहले चालक ने गाड़ी को रोक लिया और मालगाड़ी को क्रास करवाया। कलानौर स्टेशन पर ट्रेन चालक ने गाड़ी को रोका और एकदम से चला दिया। एकदम गाड़ी चलने की वजह से ट्रेन से उतर रही दो महिला यात्री ट्रेन की चपेट में आ गई। इसमें कमालपुर गांव निवासी सवीता का एक पैर व दूसरे पैर का पंजा कट गया। जबकि यात्री मोनिका की एक टांग में चोट आई। हादसे के बाद घायल महिलाओं को अस्पताल में भर्ती करवाया गया।
हादसे से गुस्साएं लोगों ने चैन खींच कर गाड़ी को रोक दिया। कुछ यात्रियों ने ट्रेन चालक पर पथराव किया और चालक के साथ मारपीट भी की। इस हंगामे की वजह से कलानौर स्टेशन पर गाड़ी करीब एक घंटे तक खड़ी रही। पथराव में इंजन रूम का एक शीशा भी टूट गया। स्टेशन मास्टर कलानौर ने इसकी सूचना जीआरपी जगाधरी को दी। हादसे की सूचना मिलते ही जीआरपी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने लोगों को समझा बुझा कर शांत करवाया और ट्रेन को आगे के लिए रवाना किया।
जीआरपी इंचार्ज जसविंद्र सिंह का कहना है कि घायल महिलाओं को अस्पताल में भर्ती करवाया गया और उनके बयान लिए जा रहे हैं। स्टेशन मास्टर की ओर से शिकायत मिलेगी तो उस पर भी कार्रवाई की जाएगी।