फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Coronavirus: जालंधर और मोहाली में एक-एक नया केस, पंजाब में पीड़ितों की संख्या 246 हुई

Tue, 21 Apr 2020 12:20 AM IST
ajay kumar न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़
विज्ञापन
कोरोना वायरस - फोटो : ANI
विज्ञापन

पंजाब में कोरोना से पीड़ितों की संख्या सोमवार को बढ़कर 246 पर पहुंच गई है। अब तक महामारी से 16 लोगों की मौत हो चुकी है। सोमवार को जालंधर और मोहाली जिले में एक-एक नया पॉजिटिव केस सामने आया है। वहीं, नवांशहर में एक व्यक्ति ठीक भी हुआ। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, सोमवार को जालंधर में एक नया पॉजिटिव केस सामने आया, जिससे इस जिले में कोरोना पीड़ितों की संख्या बढ़कर 48 हो गई। मोहाली जिले के नया गांव में भी एक व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव पाया गया। इस जिले में पीड़ितों की संख्या बढ़कर 62 हो गई। 

विज्ञापन


संक्रमितों के सबसे ज्यादा केस मोहाली और जालंधर में ही
स्वास्थ्य विभाग से मिले जिलेवार आंकड़ों के अनुसार, मोहाली जिला 62 मरीजों के साथ मुख्य हॉटस्पॉट बना हुआ है। इस जिले में अब तक दो मरीजों की मौत और 8 मरीज ठीक हुए हैं। जालंधर जिले के 48 मरीजों में से 2 की मौत और 4 ठीक हुए हैं। पटियाला में 26 मरीजों में से एक मरीज ठीक हुआ है। पठानकोट के 24 मरीजों में से एक की मौत हो चुकी है जबकि नवांशहर के 19 मरीजों में से एक की मौत और 17 मरीज ठीक हो चुके हैं। लुधियाना में 16 मरीजों में से 4 की मौत और 1 ठीक हुआ है। 

अमृतसर में11 मरीजों में से 2 की मौत और 1 मरीज ठीक हुआ है। मानसा में 11 मरीजों का इलाज चल रहा है। वहीं, होशियारपुर के 7 मरीजों में से 1 की मौत और 4 मरीज ठीक हो चुके हैं। मोगा में 4 मरीजों का इलाज जारी है। फरीदकोट के 3 मरीजों में से एक ठीक हो चुका है जबकि रोपड़ के 3 मरीजों में से एक की मौत हो चुकी है। संगरूर में 3 मरीजों का इलाज चल रहा है। वहीं बरनाला के 2 मरीजों में से एक की मौत और दूसरा ठीक हो चुका है। फतेहगढ़ साहिब और कपूरथला में 2-2 मरीजों का इलाज जारी है और गुरदासपुर, मुक्तसर व फिरोजपुर में एक-एक कोरोना मरीज का इलाज चल रहा है।

विज्ञापन

जालंधर : एक और संक्रमित, कई इलाकों को किया सील

मखदूमपुरा के रहने वाले एक व्यक्ति की रिपोर्ट सोमवार दोपहर बाद कोरोना पॉजिटिव आई है। अब जिले में कोरोना पॉजिटिव की संख्या बढ़कर 48 हो गई है। इनमें से दो मरीजों की मौत हो चुकी है जबकि चार ठीक होकर घर लौट चुके हैं। 35 वर्षीय साजिद के संक्रमित आने के बाद सेहत विभाग की तरफ से कई इलाकों को सील कर दिया गया है। इसमें बस्ती दानिशमंदा, मखदूमपुरा, पक्का बाग, मकसूदां, दशमेश नगर और निजात्म नगर इलाके प्रमुख हैं।

मोहाली/नयागांव: दो घर लौटे, एक और पॉजिटिव आया सामने
कोरोना को मात देकर सोमवार को दो लोग अपने घर को लौटे। इनमें एक पुरुष व एक महिला है। इसी के साथ ही ठीक होने वालों की संख्या 8 हो गई है। इसी बीच एक नया कोरोना पॉजिटिव केस भी सामने आया है। आदर्श नगर के रहने वाले व्यक्ति की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसका इलाज पीजीआई में चल रहा है।

जिले में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या 52 हो गई है। सोमवार को सेहत विभाग की टीमों ने 88 लोगों के रैपिड टेस्ट किए। सोमवार को जहां एक नया कोरोना पॉजिटिव मामला सामने आया, वहीं दो लोग कोरोना को मात देकर घर लौटे। इन दोनों का इलाज ज्ञान सागर अस्पताल में चल रहा था।

सेक्टर 68 के 65 वर्षीय पुरुष व सेक्टर 91 की 55 वर्षीय महिला का दो हफ्तों से इलाज चल रहा था। इन दोनों की दो रिपोर्ट निगेटिव आने पर सोमवार को इन्हें घर भेज दिया गया। एहतियात बरतते हुए फिलहाल दोनों को अगले 14 दिन तक होम क्वारंटीन रहने की सलाह दी गई है। इन दोनों द्वारा कोरोना को मात देने के साथ ही जिले में ठीक होने वाले मरीजों की संख्या 8 हो गई है।

सोमवार को आदर्श नगर के रहने वाले व्यक्ति की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। इस व्यक्ति का पीजीआई में इलाज चल रहा है। सेहत विभाग की टीम इस व्यक्ति के संपर्क में आने वालों की तलाश रही है। सबसे बड़े हॉट स्पॉट गांव जवाहरपुर में सोमवार को राहत रही।

जवाहरपुर में 38 लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हैं जिनमें से 37 का इलाज ज्ञानसागर अस्पताल में चल रहा है, जबकि एक मरीज का इलाज पीजीआई में चल रहा है। सेहत विभाग की टीमों ने कोरोना संवेदनशील इलाकों में सोमवार को 88 लोगों का रैपिड टेस्ट किया। ये सभी लोग स्वस्थ पाए गए।

गुरदासपुर में कैंसर से महिला की मौत, रिपोर्ट निगेटिव

गुरदासपुर रोड पर स्थित एक मोहल्ले में कैंसर मरीज बुजुर्ग महिला को सांस लेने में तकलीफ के बाद मौत हो गई। इसके बाद रविवार देर रात को पुलिस ने पूरा इलाका सील कर दिया। रात को ही पुलिस प्रशासन और सेहत विभाग की टीम मृतका के घर पहुंच गई और उसके परिजनों को क्वारंटीन कर दिया। मृतका के सैंपल जांच के लिए भेज दिए गए हैं। देर शाम उनकी रिपोर्ट निगेटिव आई। एसपी हेडक्वार्टर जसबीर सिंह राय ने बताया कि बुजुर्ग महिला का इलाज जालंधर में चल रहा था।

संगरूर: एसीपी कोहली के ड्राइवर की रिपोर्ट निगेटिव
कोरोना की भेंट चढे़ लुधियाना के एसीपी अनिल कोहली के ड्राइवर की रिपोर्ट निगेटिव आई है। सुनाम के गांव जखेपल के रहने वाले ड्राइवर की रिपोर्ट निगेटिव आने से इलाके के लोगों ने राहत की सांस ली है। एसएमओ डॉ. संजय कामरा ने बताया कि एसीपी के ड्राइवर को स्थानीय सरकारी अस्पताल में आइसोलेट किया गया था और उनका सैंपल भेजा गया था। अब उन्हें घर भेजकर एकांतवास में रहने के लिए कहा गया है।

लुधियाना के डीसी की जांच रिपोर्ट निगेटिव
लुधियाना के डीसी की जांच रिपोर्ट निगेटिव रही है। पटियाला में भी 10 पीड़ितों की नई जांच रिपोर्ट निगेटिव आई है। जालंधर में तीन महिलाओं को क्वारंटीन किया गया है। मोहाली जिले में दो महिलाओं की रिपोर्ट निगेटिव आई है।

फिरोजपुर: कोरोना पॉजिटिव के परिवार समेत 32 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव

गांव वाड़ा भाईका निवासी कोरोना पॉजिटिव कांस्टेबल के परिजनों समेत 32 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। सेहत विभाग ने 34 लोगों के सैंपल लेकर टेस्ट के लिए फरीदकोट मेडिकल कॉलेज भेजे थे। दो लोगों की रिपोर्ट आना अभी बाकी है। 

फतेहगढ़ साहिब में दो जमाती महिलाओं के टेस्ट निगेटिव
सिविल सर्जन डॉ. एनके अग्रवाल ने बताया कि फतेहगढ़ साहिब में 14 दिन पहले महाराष्ट्र के औरंगाबाद से आई दो महिलाओं की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। वे बनूड़ के ज्ञान सागर अस्पताल में भर्ती थी। 14 दिन बाद उनके दोबारा टेस्ट लिए गए थे जो निगेटिव आए हैं। डॉ. अग्रवाल ने बताया कि इन दोनों महिलाओं के दोबारा सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं, जिनकी रिपोर्ट आना बाकी है। 

बटाला के चैनेवाल में नौ संदिग्धों की रिपोर्ट निगेटिव 
गुरदासपुर जिले में 146 संदिग्ध मरीजों के सैंपल में से 126 की रिपोर्ट निगेटिव आई है। जबकि 17 मरीजों की रिपोर्ट पेंडिंग है। भैणी पसवाल के एक मरीज का देहांत हो चुका है। यह जानकारी गुरदासपुर के सिविल सर्जन किशन चंद ने दी। सिविल सर्जन ने बताया कि बटाला के नजदीक गांव चैनेवाल में लुधियाना के रहने वाले कोविड-19 संक्रमित पाए गए मरीज के संपर्क में आए नौ लोगों के सैंपल लिए गए थे। जिनकी रिपोर्ट निगेटिव पाई गई है। 
विज्ञापन

पटियाला में 99 सैंपलों की जांच रिपोर्ट निगेटिव

पटियाला के लिए सोमवार को भी राहत वाली खबर रही। जिले में लिए 99 सैंपलों की रिपोर्ट कोरोना निगेटिव रही। इनमें 84 टेस्ट रैपिड किट के जरिये किए गए। सिविल सर्जन डॉ. हरीश मल्होत्रा ने बताया कि कोरोना जांच को लिए सभी 15 टेस्टों की जांच रिपोर्ट सोमवार को निगेटिव रही है। 19 सैंपलों की जांच रिपोर्ट आनी बाकी है, जिसमें राजपुरा की संक्रमित महिला मरीज के नजदीक के संपर्क में आए 11 लोग और पटियाला में पुस्तक विक्रेता के नजदीक के संपर्क में आए 6 और लोगों के सैंपल शामिल हैं। 

इसके अलावा जिले में हाई रिस्क और फ्लू जैसे लक्षणों वाले केसों की कोरोना संबंधी पहचान के लिए चार टीमों द्वारा 84 व्यक्तियों के रैपिड किट के जरिये सीरम के सैंपल लिए गए थे, इन सभी की रिपोर्ट निगेटिव आई है। इन चार टीमों द्वारा माडल टाउन, त्रिपड़ी, राजपुरा और बिशन नगर के एरिया में टेस्टिंग की गई थी। उन्होंने बताया कि टेस्टिंग की संख्या बढ़ाने को सरकार द्वारा उनको 200 रैपिड टेस्टिंग किटें भेजी गई हैं। 

सीएमओ ने बताया कि कोरोना पॉजिटिव पाए गए पुस्तक विक्रेता के संपर्क में आए सभी 110 अभिभावकों, जिन्होंने उससे किताबें व कापियां ली थीं, को होम क्वारंटीन करके स्क्रीनिंग का काम किया जा रहा है। घर-घर सर्वे करके लोगों की स्क्रीनिंग का काम 85 फीसदी पूरा हो गया है। सोमवार को 14495 घरों का सर्वे करके 61592 लोगों की सेहत जांच की गई।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें