कस्बा धारीवाल के डडवां रोड पर 11 फरवरी की शाम शिवसेना हिंदुस्तान के नेता हनी महाजन पर अंधाधुंध फायरिंग कर अशोक कुमार की हत्या करने वाले दो आरोपियों को शनिवार की देर शाम गिरफ्तार किया है। पुलिस ने एक आरोपी की निशानदेही पर धारीवाल नहर पुल के समीप लिफाफे में छिपा कर रखे गए 7.62 बोर के 20 कारतूस भी बरामद किए है।
एसएसपी स्वर्णदीप सिंह ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों की पहचान सनी पुत्र नरिंदर निवासी कालोनी औजला थाना तिब्बड़ और सिमरजीत सिंह पुत्र कपूर सिंह निवासी कंडियाला बटाला के रुप में हुई है। उन्होंने बताया कि थाना धारीवाल प्रभारी ने शनिवार देर शाम दोनों को धारीवाल इलाके से कुंडे पुल के पास गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों को अदालत में पेश कर एक दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया।
जांच के दौरान आरोपी सनी ने कबूला कि उसने तरनतारन गन हाउस से कारतूस लिए थे। घटना के बाद 7.62 बोर के 20 कारतूस लिफाफे में डाल कर धारीवाल नहर के समीप छिपाए थे। पुलिस ने कारतूस बरामद कर लिए है तथा सनी के खिलाफ एक अन्य मामला थाना धारीवाल में थाना प्रभारी मंजीत सिंह के बयान पर दर्ज किया गया है। एसएसपी का कहना है कि अभी जांच चल रही है। पुलिस जल्द मामले की तह तक पहुंच जाएगी, जिसमें कई अहम खुलासे होने की संभावना है। उन्होंने इससे अधिक कुछ भी बताने से इनकार कर दिया।
उल्लेखनीय है कि 11 फरवरी की शाम करीब पौने छह बजे हनी महाजन अपने साथी अशोक महाजन निवासी धारीवाल की दुकान पर बैठे थे। इसी दौरान दो अज्ञात नौजवानों ने गाड़ी में आकर अंधाधुंध फायरिंग की थी। इसमें अशोक कुमार की मौत हो गई थी और हनी महाजन गंभीर रुप में जख्मी हो गए थे। पुलिस ने दो अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज किया था।