टक्कर से चूकनाचूर हुई आइसक्रीम कार्ट, 4 से 5 लाख का नुकसान
बाल बाल बचा ऑटो चालक, मामूली चोटें आई
संवाद न्यूज एजेंसी
जीरकपुर। जीरकपुर में छत लाइट प्वाइंट पर हादसों की संख्या बढ़ रही है। यहां छोटे मोटे हादसे तो रोज होते हैं, लेकिन कई बार लोग अपनी जान भी गवां चुके हैं। वीरवार को रात करीब साढ़े 12 बजे बनूडं की तरफ से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने आइसक्रीम (मेवात कुल्फी) वाले ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी, जिसके चलते ऑटो के ऊपर बनाई आइसक्रीम वाली रेहड़ी के परखचे उड़ गए। गनीमत रही के टक्कर ऑटो के एक कोने पर लगी और ऑटो चालक बाल बाल बच गया। इस हादसे में आइसक्रीम वाले का चार से पांच लाख का नुकसान हुआ है। यह भी सामने आया है कि पुलिस के होने के बावजूद आरोपी चालक मौके फरार हो गया। हालांकि पुलिस अब जांच का बहाना बनाकर मामले से पल्ला झाड़ रही है।
ऑटो चालक निवासी रत्न लाल निवासी भीलवाड़ा राजस्थान हाल निवासी गांव झुंगियां ने बताया कि वह पटियाला रोड पर आइसक्रीम की रेहड़ी लगता है और रात करीब साढ़े बारह बजे वह झुंगियां स्थित अपने कमरे पर जा रहा था। जैसे ही वह जीरकपुर की तरफ से मोहाली की ओर मुड़ने के लिए लाइट क्राॅस करने लगा कि बनूड़ की तरफ से आ रहे ट्रक ने उसे टक्कर मार दी, इस कारण उसके ऑटो पर लदी आइसक्रीम की रेहड़ी ऊपर से उड़कर सड़क पर जा गिरी और उसके परखचे उड़ गए। उसका ऑटो टक्कर लगने से दूसरी तरफ जाकर पलट गया। जिसे वहां मौजूद लोगों व पुलिस ने सीधा किया। ट्रक चालक भी वहीं रुक गया, लेकिन कुछ देर बाद जब वह घबराहट से बाहर निकला और देखा कि ट्रक चालक वहां से फरार हो गया था। ऑटो चालक रत्न लाल ने बताया कि सुबह करीब 6 बजे उसका भाई व जानकर आए तो उन्होंने पुलिस थाने में जाकर इसकी शिकायत दर्ज करवाई। ऑटो चालक ने बताया कि वह पिछले दो साल से पटियाला रोड पर रेहड़ी लगता है और काम खत्म होने के बाद इसी समय घर जाता था। रत्न लाल ने बताया कि हादसे में उसका चार से पांच लाख का नुकसान हो गया है। जिसकी शिकायत थाना जीरकपुर में दर्ज करवा दी गई है। मामले के संबंध में जांच अधिकारी ने बताया कि हमारी सड़क सुरक्षा फोर्स की टीम मौके पर मौजूद थी, जिन्होंने ने ऑटो व ट्रक को एक साइड करवाया था। इस मामले में हमें शिकायत मिल गई है और जांच शुरू कर दी है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।