पांच सदस्यों की कमेटी करेगी पेड़ों की नीलामी
चंडीगढ़। हरियाणा के स्कूलों में निर्माण कार्यों में बाधा बन रहे पेड़ों को अब काटा जा सकेगा। इस संबंध में हरियाणा सरकार ने स्कूलों को निर्देश जारी किए हैं। जारी आदेशों के तहत पांच सदस्यीय कमेटी के गठन के बाद ही पेड़ों की कटाई की जा सकेगी।
सभी जिलों के जिला शिक्षा अधिकारियों को भेजे पत्र में कहा कि बाधित पेड़ों को कटवाने के लिए स्थानीय वन विभाग की ओर से पेड़ों का मूल्यांकन करवाया जाए। साथ ही गांव में मुनादी कराने के बाद विभाग की ओर से जारी हिदायतों के अनुसार स्कूल मुखिया, खंड शिक्षा अधिकारी और जिला शिक्षा अधिकारी एवं ग्राम पंचायत के सरपंच की देखरेख में पेड़ों की कटाई कराई जाए। इसके बाद, पांच सदस्यों की कमेटी का गठन करके पेड़ों की नीलामी करवानी होगी। इसमें जिला शिक्षा अधिकारी जिले से मनोनीत अधिकारी, संबंधित स्कूल मुखिया, वरिष्ठ प्राध्यापक या अध्यापक, खंड शिक्षा अधिकारी और डीसी कार्यालय की ओर से भेजा गया अधिकारी कर्मचारी व ग्राम सरपंच शामिल होंगे। वन विभाग की ओर से लगाई गई कीमत से कम कीमत पर पेड़ों को नीलाम नहीं किया जाएगा। स्कूल परिसर में काटे गए पेड़ों के स्थान पर नए पौधे लगाने होंगे।