चंडीगढ़। पीजीआई के नेहरू एक्सटेंशन और सेक्टर 48 के कोविड डेडिकेटेड अस्पताल में सोमवार से पुरानी व्यवस्था बहाल कर दी गई है। इन दोनों ही अस्पतालों में स्थानांतरित किए गए 6 विभागों के मरीजों को भर्ती कर इलाज शुरू किया गया। इससे गैर कोविड मरीजों ने राहत की सांस ली।
सेक्टर-48 में पहले दिन जीएमसीएच 32 के 12 मरीजों को भर्ती किया गया। वहीं, नेहरू एक्सटेंशन में भर्ती मरीजों की संख्या 28 है। जीएमसीएच-32 से सेक्टर 48 में त्वचा, ओंकोलॉजी और मनोरोग, जबकि नेहरू एक्सटेंशन में हेम्टोलॉजी, इंडोक्राइनोलॉजी और रेडियोथैरेपी के मरीज स्थानांतरित किए गए हैं।
इन अस्पतालों में भर्ती मरीजों की देखभाल के लिए अस्पताल प्रशासन ने मानक के अनुसार पैरामेडिकल स्टाफ व डॉक्टरों की तैनाती कर दी है। गौरतलब है कि कोरोना की तीसरी लहर के दौरान भी इन दोनों अस्पतालों में स्थानांतरित किए गए मरीजों को इलाज बाधित हो गया था, क्योंकि वहां कोरोना के मरीजों को भर्ती करने की व्यवस्था की गई थी।
पीजीआई ओपीडी में 8187 पंजीकरण
पीजीआई में पंजीकरण की समय-सीमा में भी सोमवार से विस्तार कर दिया गया। ओपीडी में 8187 मरीजों ने पंजीकरण करवाया। हालांकि व्यवस्था मजबूत होने से ओपीडी में किसी तरह की धक्का-मुक्की और अफरा-तफरी का माहौल नहीं दिखा।