करनाल से दिल्ली रेल लाइन पर गांव हसनपुर के समीप एक ट्रेन के नीचे कटने से दंपति और उनके ढाई साल के बच्चे समेत मीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई।
जानकारी होते ही थाना जीआरपी ने मौके पर पहुंच कर तीनों शवों को अपने कब्जे में लिया। शवों को देर शाम को करनाल जिला मुख्यालय के कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कालेज में पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तीनों शवों का पोस्टमार्टम कल वीरवार को कराया जाएगा।
जानकारी के अनुसार गांव बजीदा निवासी नरेंद्र कुमार (25) अपनी पत्नी पूनम (24) के साथ अपनी ससुराल गांव बस्ताड़ा जा रहा था। उनके साथ उनका ढाई साल का बेटा भी था।
गांव हसनपुर के पास वह लोग रेल लाइन पार कर रहे थे। इसी दौरान एक तेज रफ्तार ट्रेन के नीचे आने से तीनों कट गए। हादसा होते ही मौके पर खेतों में काम कर रहे काफी लोग जमा हो गए।
इन लोगों में से ही किसी ने नरेंद्र की बजीदा निवासी के तौर पर पहचान की। गांव बजीदा में जानकारी होते ही काफी लोग मौके पर सैकड़ों पहुंच गए। दूसरी ओर गांव बस्ताड़ा के भी काफी लोग मौके पर पहुंच गए। कई घंटे तक दोनो गांवों के लोग मौके पर जमा रहे।
थाना जीआरपी प्रभारी ओमपाल के अनुसार इस मामले में इत्तेफाकियां घटना की कार्रवाई की जा रही है। पोस्टमार्टम कल होंगे। दिल्ली से करनाल की ओर से आ रही एक अन्य ट्रेन के चालक ने स्टेशन पर घटना की सूचना दी थी। सूचना के अनुसार तीनों लोगों के शव मौके पर गांव हसनपुर फाटक के पहले पडे़ होने की सूचना थी। पुलिस मौके पर पहुंच गई थी।