पंजाब के सीएम भगवंत मान ने शुक्रवार को ट्रेनी पटवारियों को बड़ा तोहफा दिया है। भगवंत मान ने पटवारियों के ट्रेनिंग भत्ते में तीन गुना से भी ज्यादा बढ़ोतरी करने का एलान किया। इस फैसले से अब ट्रेनी पटवारियों को प्रति माह 5000 रुपये की बजाय 18000 रुपये मिलेंगे।
मुख्यमंत्री ने पटवारियों से कहा कि लोगों को परेशान करने की बजाय अपनी कलम का इस्तेमाल लोगों के कल्याण के लिए करें। उन्होंने कहा कि बड़े दुख की बात है कि कुछ लोग अपने भ्रष्ट साथियों की मदद के लिए कलम छोड़ हड़ताल की आड़ में जनता को परेशान कर रहे हैं।
भगवंत मान ने कहा कि यह कदम पूरी तरह अनावश्यक है, क्योंकि राज्य सरकार आम लोगों के हित में कोई समझौता नहीं करेगी। प्रदर्शनकारी पटवारियों के अड़ियल रवैये पर मुख्यमंत्री ने कहा कि ये लोग आम जनता को परेशान कर राज्य सरकार को ब्लैकमेल करना चाहते हैं।
पुलिस फोर्स की सालाना भर्ती की तरह पटवारियों की भी सालाना भर्ती करने का एलान सीएम भगवंत मान ने किया। उन्होंने कहा कि 586 नए पटवारियों के पदों के लिए इश्तहार जल्द जारी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पटवारियों की रेगुलर भर्ती होने से जहां राजस्व विभाग का कामकाज और सुचारु होगा। वहीं लोगों को बड़ी सुविधा मिलेगी। मान ने कहा कि आने वाले समय में इस भर्ती को सालाना आधार पर करने की व्यवस्था की जाएगी।