शुक्रवार को कोरोना पॉजिटिव पाए गए जीएमसीएच के वार्ड अटेंडेंट को शनिवार दोपहर बाद पीजीआई के कोरोना डेडिकेटेड हॉस्पिटल में शिफ्ट कर दिया गया। पिता की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद अब परिवार के अन्य सदस्यों की जांच रिपोर्ट आनी बाकी है।
इनमें उसकी मां और पत्नी के अलावा सात माह की बच्ची के भी नमूने लिए गए हैं लेकिन जीएमसीएच में टेस्टिंग की क्षमता सीमित होने के कारण शनिवार को सभी लोगों की जांच नहीं हो सकी। पीजीआई में अभी कोरोना के 13 मरीज भर्ती हैं।
सात डॉक्टर समेत 23 थे संपर्क में
जीएमसीएच के कोरोना पॉजिटिव वार्ड अटेंडेंट के संपर्क में आने वाले जिन 23 लोगों की जांच कराई गई थी, उनमें 7 जूनियर रेजिडेंट, 7 स्टाफ नर्स, 2 नर्सिंग सिस्टर, 1 एनेस्थीसिया टेक्नीशियन, 3 स्वीपर और 3 अटेंडेंट शामिल हैं। इसमें से एक ओटी अटेंडेंट की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है जो ब्लॉक सी की ऑर्थो ओटी में ड्यूटी पर था।
पीजीआई के सभी 45 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव
वहीं दूसरी ओर पीजीआई के कोरोना पॉजिटिव नयागांव निवासी कुक के संपर्क में आए सभी 45 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। यह कुक 23 अप्रैल को कोरोना की चपेट में आकर पीजीआई में भर्ती हुआ था। जानकारी के अनुसार, कुक नयागांव के उस मकान में किराए पर रहता है, जहां रहने वाला एक अन्य पीजीआई स्टाफ पिछले दिनों कोरोना पॉजिटिव होने में बाद इलाज कराकर घर लौट चुका है।