हरियाणा में स्कूल-कॉलेज में जाने वाली छात्राओं पर हाफ जींस, टॉप पहनने और मल्टीमीडिया मोबाइल के प्रयोग पर प्रतिबंध लगाने के सुर फिर बुलंद हो गए हैं।
हिंदू महासभा इस मांग पर मजबूती के साथ कायम हैं। इस मिशन को सफल बनाने के लिए हिंदू महासभा ने जन-जागरण अभियान शुरू कर दिया हैं। यह जानकारी हिंदू महासभा के राष्ट्रीय प्रवक्ता ललित भारद्वाज ने सोमवार को जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में दी।
उन्होंने कहा कि हमारी मानसिकता अभी इतनी विकसित नहीं हुई कि लड़कियों और लड़कों को इतनी खुली छूट दे कि वह मनचाहे कपडे़ पहन कर स्कूल और कॉलेज जाएं। हिंदू महासभा इसके खिलाफ है। उन्होंने कहा कि हाफ जींस-टॉप और कॉलेज में लड़कियों के मोबाइल ले जाने पर प्रतिबंध लगना चाहिए।
ललित भारद्वाज ने कहा कि हम लड़कियों को अच्छी शिक्षा देने के लिए अभिभावकों से अपील करते हैं, तो कुछ लोगों को परेशानी होती हैं, इससे हमें कोई असर नहीं पड़ता, लेकिन अब हिंदू संस्कृति खतरे में पड़ रहीं हैं। भारद्वाज ने कहा कि हमारे द्वारा चलाई गई मुहिम को प्रदेशभर से भारी समर्थन मिल रहा हैं।