जालंधर में शुक्रवार को पुडुचेरी के पूर्व उपराज्यपाल इकबाल सिंह समेत 78 लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं। संक्रमित लोगों में निजी अस्पताल के डॉक्टर भी शामिल हैं। वहीं दो शिक्षक भी संक्रमित मिले हैं। संक्रमित बस्ती गुंजा, बद्रीदास कालोनी, शहीद बाबू लाभ सिंह नगर, न्यू जोगिंद्र नगर, माडल टाउन, राजन कॉलोनी, राजा गार्डन, अर्जुन नगर, मोहल्ला गोबिंदगढ़, दिलबाग नगर, अर्बन एस्टेट फेस-1 क्षेत्रों के रहने वाले हैं। जिले में कुल संक्रमितों का आंकड़ा 21,531 तक पहुंच गया है। सरकारी स्कूल नेहरू गार्डन की एक महिला प्रवक्ता को भी कोरोना संक्रमण हो गया है। इस स्कूल में 120 के करीब शिक्षक व 2500 के करीब छात्राएं शिक्षा ग्रहण कर रही हैं।
लुधियाना में कोरोना से छह की मौत
लुधियाना में शुक्रवार को कोरोना से छह लोगों की मौत हो गई। वहीं, 99 नए केस सामने आए है। मृतकों में तीन लुधियाना, एक जालंधर, एक नवांशहर और एक होशियारपुर का है। मृतकों की कुल संख्या 1026 हो गई है। जिले में कोरोना संक्रमितों की कुल संख्या 26991 पहुंच गई है। एक्टिव केसों की संख्या 528 हो गई है। सिविल सर्जन डॉक्टर सुखजीवन सिंह के अनुसार शुक्रवार को जिले में कोरोना संक्रमण के कुल 99 केस आए हैं। इसमें 75 केस लुधियाना से संबंधित हैं। बाकी अन्य जिलों से संबंधित हैं।
पांच अध्यापक कोरोना पॉजिटिव
अमृतसर में टांगरा स्थित सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल के पांच अध्यापक कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। स्वास्थ्य विभाग ने स्कूल को आगामी दो दिन के लिए बंद कर दिया है। इन अध्यापकों के संपर्क में आए लोगों को ट्रेस करने की प्रक्रिया शुरू की गई है। स्वास्थ्य विभाग ने छात्रों का कोविड-19 टेस्ट करवाने का फैसला किया है।