बेसुध मिले युवकों के परिजन बोले- बाइक बेचकर खरीदा नशा
उधर, लुधियाना के समराला में गांव बौंदली के पास बेसुध हालत में मिले तीन युवकों को पुलिस थाने ले गई। जहां उन्हें सरकारी अस्पताल में दाखिल करवाया गया। मौके पर पहुंची एक युवक की मां ने बताया कि पति बहुत बीमार हैं। युवकों ने घर से मोटरसाइकिल बेचकर जो पैसे मिले उससे नशा खरीदा होगा। गौरतलब है कि खन्ना में हाल ही में नशे के कारण पांच युवकों की मौत हो चुकी है। एसएसपी अमनीत कौंडल के आदेश पर क्षेत्र में नशा विरोधी सेमिनार करवाए जा रहे हैं लेकिन ये प्रयास नाकाफी साबित हो रहे हैं। एसएचओ समराला भिंडर सिंह ने बताया कि पुलिस कड़ी कार्रवाई कर रही है।
पंजाब में 20 महीनों में नशे से 310 लोगों की मौत
नेशनल क्राइम रिकॉर्ड ब्यूरो (एनसीआरबी) के आंकड़ों के अनुसार राज्य में पिछले 20 महीने में नशे की वजह से 310 लोगों की जान जा चुकी है। इनमें युवाओं की संख्या ज्यादा है। आम आदमी पार्टी के सत्ता संभालने के बाद भी इन आंकड़ों में कोई कमी नहीं आई है। आप सरकार के कार्यकाल में भी 200 लोगों की मौत नशे के कारण हुई है। हाल के दिनों में ही अमृतसर, गुरदासपुर, तरनतारन और जालंधर में नशे ने 12 युवाओं की जान ले ली। मालवा की स्थिति ज्यादा खराब है। मोगा, फिरोजपुर, लुधियाना और बठिंडा में 2022 व 2023 में 235 लोगों की जान गई है।