हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के कर्मचारियों में दिनभर चर्चाएं रही कि हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड प्रशासन परीक्षाओं को लेकर काफी गंभीर है। सुरक्षा के मद्देनजर हाईटेक प्रबंध किए गए है। बावजूद इसके प्रश्न पत्रों के बंडल कैसे गायब हो गए। प्रश्न पत्र चोरी हुए है या गायब किए गए है। ये चर्चाएं दिनभर कर्मचारियों की जुबान पर रही।
बोर्ड द्वारा अपने स्तर पर की गई जांच में पाया है कि पेपर गायब होने में सुपरिंटेंडेंट व दो अन्य कर्मचारियों की लापरवाही रही है। जिसके चलते इन तीनों कर्मचारियों को सस्पेंड कर दिया गया है। साथ ही इसकी जांच करवाई जा रही है। - डॉ. जगबीर सिंह, चेयरमैन, हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड
सिसाणा केंद्र से वायरल हुए प्रश्न पत्र, केंद्र की परीक्षा रद्द
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की मंगलवार से शुरू हुई सीनियर सेकेंडरी की परीक्षा के पहले ही दिन हिंदी का प्रश्नपत्र परीक्षा शुरू होने के कुछ मिनट बाद ही आउट होकर सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। बोर्ड अधिकारियों तक भी सूचना पहुंची। जिसके बाद जांच की तो पाया कि सोनीपत के सिसाणा केंद्र से प्रश्न पत्र वायरल हूं जो आधे घंटे के अंदर ही प्रदेश के अधिकतर जिलों में वायरल हो गया। इस परीक्षा केंद्र पर बाहरी हस्तक्षेप और परीक्षा की पवित्रता भी भंग मिली। जिसके बाद एसडीएम की शिकायत पर इस परीक्षा केंद्र की परीक्षा रद्द कर दी गई।
परीक्षा के शुरू होते ही सोशल मीडिया पर पेपर वायरल हुआ था। बोर्ड द्वारा जांच में पाया गया कि ये पेपर सोनीपत जिला के सिसाणा परीक्षा केंद्र से आउट होकर वायरल हुआ है। इस मामले में एसडीएम की शिकायत पर इस परीक्षा केंद्र की परीक्षा रद्द कर दी गई है। बाहरी हस्तक्षेप के चलते गोहाना और नूंह के नगीना व पूनहाणा परीक्षा केंद्रों की भी परीक्षा रद्द की गई है। - डॉ. जगबीर सिंह, चेयरमैन, हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड