लुधियाना की शिमला कॉलोनी में शुक्रवार की सुबह एक घर में अचानक रसोई गैस सिलेंडर में धमाका हो गया। पूरी रसोई आग की लपटों मे घिर गई। इस हादसे में एक ही परिवार के तीन सदस्य झुलस गए। पड़ोस के लोगों ने मौके पर पहुंच किसी तरह घायलों को सीएमसी अस्पताल में भर्ती कराया। वहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार बिजली बोर्ड में तैनात जेई रमेश चंद्र का घर शिमला कॉलोनी में है। शुक्रवार सुबह उनका बेटा पंकज कुमार रसोई में सब्जी गर्म कर रहा था। इस दौरान अचानक चूल्हे की पाइप में लीकेज के कारण आग लग गई। उसने तुरंत अपनी मां अंजू को आवाज देकर बुलाया।
बेटे की आवाज सुनते मां अंजू और उसकी बहन गौरा रसोई में पहुंच गई। उसी समय अचानक धमाका हो गया। पूरी रसोई आग की लपटों में घिर गई। धमाके की आवाज सुनते आसपास के लोग उनके घर की तरफ दौड़े और तीनों घायलों को किसी तरह बाहर निकाला। तीनों की हालत नाजुक बताई जा रही है।