लुधियाना के राहो रोड स्थित इंदिरा कालोनी में गुरुवार देर रात उस समय मातम छा गया, जब चंद घंटों के अंदर दो सगे भाइयों की मौत हो गई। पहले बड़े भाई की मौत हुई, उसके चार घंटे बाद ही छोटे भाई की मौत हो गई। परिवार में अब मां, पत्नी और एक आठ माह की बेटी बची है।
पीड़ित परिवार ने इस मामले की कोई सूचना पुलिस को नहीं दी। शुक्रवार की सुबह दोनों का अंतिम संस्कार कर दिया गया। पड़ोस के लोगों का कहना था कि दोनों भाई नशा करने के आदी थे। संभावना है कि नशे की ओवरडोज के कारण दोनों मौत हुई हो।
इंदिरा कालोनी में हरजिंदर सिंह हैप्पी अपनी मां, पत्नी, बेटी और छोटे भाई हनिंदर सिंह उर्फ सोनू के साथ रहता था। दोनों भाई मिलकर घर या ऑफिस में शीशा लगाने का काम करते थे। पड़ोस के लोगों के मुताबिक बीते काफी समय से नशा करने के आदी थे। गुरुवार बाद दोपहर पहले हरंजिंदर सिंह घर पहुंचा। लगभग चार बजे अचानक ही उसकी मौत हो गई।
उसकी मौत की खबर से पूरे परिवार में कोहराम मच गया। आसपास के लोग भी मृतक के घर पहुंच गए। रात लगभग 9 बजे अचानक ही हरनिंदर सिंह भी गिर गया और उसकी भी मौत हो गई। घर में एक साथ दो लाशें देख हर किसी का दिल दहल उठा।
दोनों के पिता की काफी समय पहले मौत हो चुकी थी। हरंजिंदर सिंह हैप्पी का कुछ समय पहले विवाह हुआ था। उसकी 8 माह की बेटी है। देर रात को मौके पर पहुंचे लोगों ने जब पुलिस को सूचित करने की बात कही तो मां ने साफ मना कर दिया। उसका कहना था कि दो बेटों को खो चुकी है, इसके बाद पुलिस के पचड़े में नहीं पड़ना चाहती है। शुक्रवार की सुबह दोनों भाइयों का अंतिम संस्कार कर दिया गया।