चंडीगढ़। खालसा साजणा दिवस पर शहर के गुरुद्वारा साहिब में संगत की भारी भीड़ उमड़ी। गुरुद्वारा साहिब में सुबह से ही संगत का आना शुरू हो गया। गुरुघरों में पहुंचकर संगत कीर्तन सुन निहाल हो गई। जो बोले सो निहाल के जयकारे लग रहे थे। दो वर्षों के बाद गुरुद्वारा साहिब में भारी भीड़ उमड़ी। माथा टेकने के बाद कीर्तन सुना और गरु घर का लंगर ग्रहण किया।
सेक्टर-34 के गुरुद्वारा श्री गुरु तेगबहादुर साहिब के महासचिव तेजवंत सिंह गिल ने बताया कि 35 हजार से भी अधिक संगत के लिए लंगर की व्यवस्था हुई। गुरुद्वारा साहिब के लेक्चर हॉल में सवा घंटे की धार्मिक एनिमेशन फिल्म दिखाई गई।
सेक्टर- 20 के गुरुद्वारा साहिब कलगीधर खेड़ी के प्रधान गुरिंदरबीर सिंह ने बताया कि दरबार हॉल को आकर्षक तरीके से फूलों से सजाया गया। संगत के लिए लजीज व्यंजन तैयार किए गए। सेक्टर- 7 के गुरुद्वारा साहिब के प्रधान रछपाल सिंह ने बताया कि ढाडी जत्थे ने अपनी प्रस्तुति दी। गुरु का अटूट लंगर चला। सेक्टर- 22 के गुरुद्वारा साहिब, गुरुद्वारा साहिब सेक्टर-38, सेक्टर-19 के गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा में भी काफी संख्या में संगत पहुंची।
चंडीगढ़ समूह गुरुद्वारा प्रबंधक संगठन के महासचिव रघबीर सिंह रामपुर ने बताया कि शहर के सेक्टरों, गांव और कॉलोनियों में स्थित गुरुद्वारों में भव्य आयोजन हुआ। उन्होंने बताया कि गांव धनास, खुड्डालाहौरा, खुड्डा अलीशेर, खुड्डा जस्सू, दड़वा, रायपुर कलां, मक्खन माजरा, रायपुर कलां, बहलाना, हल्लोमाजरा, राम दरबार, मलोया, सेक्टर-8, 29, 30 35, 37, 40, 42, 46 सहित अन्य गुरु घरों में भव्य आयोजन हुआ।