यूरोपियन ग्रीन सिटी ब्रिस्टल की कई अच्छी चीजों को चंडीगढ़ प्रशासन अपनाने जा रहा है। ब्रिस्टल की तर्ज पर शहर में पहली बार कार शेयरिंग शुरू की जाएगी। सप्ताह में शुक्रवार के दिन से सबसे पहले इसकी शुरुआत होगी।
कार शेयरिंग अपनाने का प्रस्ताव तैयार कर लिया गया है। इस पर प्रशासक की मंजूरी मिलना बाकी है। प्रशासक खुद ब्रिस्टल सिटी से खासे प्रभावित हैं। उन्होंने ही अधिकारियों को ग्रीन सिटी कॉन्सेप्ट को स्टडी करने के लिए ब्रिस्टल भेजा था। अधिकारियों ने ब्रिस्टल से लौटने के बाद जो स्टडी रिपोर्ट तैयार की है उसमें एक सबसे महत्वपूर्ण काम कार शेयरिंग है।
सूत्रों के अनुसार अगले सप्ताह तक इस पर प्रशासक की मंजूरी मिल जाएगी। जिसकेबाद इसे लागू करने का काम शुरू हो जाएगा। प्रशासन लोगों को दबाव डालकर कार शेयरिंग लागू करवाने की बजाए उन्हें इसके फायदे समझा कर इसे अपनाने के लिए प्रेरित करेगा।
इसके लिए एनजीओ, रेजिडेंशियल वेलफेयर एसोसिएशन और वॉलंटियर्स का सहयोग लिया जाएगा। प्रशासन एक अभियान के जरिए कार शेयरिंग को अपनाने की अपील करेगा।