डेरा ब्यास प्रमुख गुरिंदर ढिल्लों से मिले भागवत
मोहन भागवत शुक्रवार को राधास्वामी डेरा ब्यास (अमृतसर) के प्रमुख संत बाबा गुरिंदर सिंह ढिल्लों से मिलने पहुंचे। वे 18 गाड़ियों की कड़ी सुरक्षा के बीच राधा स्वामी कैंप में दाखिल हुए और करीब दो घंटे तक वहां रहे। इस बीच मोहन भागवत ने बाबा गुरिंदर सिंह ढिल्लों से कई मुद्दों पर बात की। 12 बज कर 55 मिनट पर वह बाहर आए। भागवत में पंजाब के मौजूदा राजनीतिक हालात, आने वाले लोकसभा चुनाव आदि मुद्दों पर संत गुरिंदर सिंह के साथ बातचीत की।
पंजाब की राजनीतिक व सामाजिक हालात पर भी चर्चा हुई है। मोहन भागवत ने इस दौरान डेरा ब्यास के लंगर घर का भी दौरा किया। उन्होंने डेरा ब्यास की व्यवस्थाओं को देखकर प्रशंसा भी की। इस मुलाकात को 2024 के लोकसभा चुनाव से जोड़कर भी देखा जा रहा है, क्योंकि राधास्वामी डेरे के पंजाब में बड़ी संख्या में समर्थक हैं।
सात मिनट देरी से पहुंची शताब्दी, स्टेशन में कुर्सी पर बैठकर किया इंतजार
बैठक खत्म होने के बाद भागवत डेविएट कॉलेज से विद्या धाम निकल गए। वहां से सिटी स्टेशन पहुंचे और ट्रेन के जरिए दिल्ली रवाना हो गए। तीन दिवसीय दौरे पर उन्हें सुरक्षा मुहैया करवाने और कहीं जाने पर रूट को क्लियर करवाने के लिए पुलिस को खासी जद्दोजहद करनी पड़ी। शुक्रवार शाम 5 बजकर 40 मिनट पर जब मोहन भागवत सिटी स्टेशन पहुंचे तो आसपास कड़ा सुरक्षा पहरा था। इस बीच शताब्दी ट्रेन पूरे 7 मिनट लेट पहुंची। तब तक वह स्टेशन पर कुर्सी पर बैठे रहे। आम लोगों को परेशानी न हो इसका भी खास ध्यान रखा गया ।