चंडीगढ़। पीजीआई के निदेशक ने बुधवार को आदेश जारी करते हुए नेहरू अस्पताल में मरीजों की रक्त जांच के लिए बंद पड़े सैंपल कलेक्शन सेंटर को फिर से शुरू कर दिया है। साथ ही रक्त के नमूने लेने का समय भी बढ़ा दिया है। अब मरीज सुबह साढ़े 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक जांच के लिए रक्त के सैंपल दे सकेंगे।
कलेक्शन सेंटर पर नेहरू अस्पताल के मेडिकल माइक्रोबायोलॉजी, मेडिकल पेरासिटोलॉजी, इम्यूनोपेथोलॉजी और एंडोक्रिनोलोजी की जांच के नमूने लिए जाएंगे। आवश्यकता पड़ने पर दोपहर 1 बजे के बाद जांच के लिए मरीज के रक्त का नमूना आपातकाल माइक्रोबायॉलोजी लैब और मेडिकल माइक्रोबायॉलोजी कल्चर लैब में शाम 5 बजे तक लिए जाएंगे।
बता दें कि आपातकाल की स्थिति में हेमिटोलॉजी से संबंधित जांच आपातकाल हेमिटोलॉजी व बायोकेमिस्ट्री से संबंधित सभी जांच बायोकेमिस्ट्री लैब में सातों दिन और चौबीस घंटे की जा सकेगी।
मरीजों को नहीं लगानी होगी लाइन
नेहरू अस्पताल में लगभग 50 साल से चल रहे सैंपल कलेक्शन सेंटर को किन्हीं कारणों से एक वर्ष पहले बंद कर दिया गया था। ऐसे में मरीजों व अटेंडेंट को जांच के लिए रक्त का नमूना लेकर रिसर्च ब्लॉक में जाना होता था। लंबी लाइन में घंटों इंतजार करने के बाद लोग सैंपल देते थे। पीजीआई निदेशक के इस निर्णय के बाद लोगों राहत मिलेगी।