चंडीगढ़। माता वैष्णो देवी का प्रसाद बताकर बस में सवार यात्रियों को नशीले बिस्कुट खिलाकर लोगों से लूटपाट का आरोपी कृष्ण लाल निवासी जम्मू का तीन का रिमांड खत्म होने के बाद मंगलवार को पुलिस ने अदालत में पेश किया। पुलिस ने आरोपी का 6 दिन का और रिमांड हासिल किया है।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने लूटे हुए मोबाइल, पर्स और नकदी मेघालय में अपनी पत्नी के पास पहुंचा दी है। पुलिस अब आरोपी को साथ लेकर दिल्ली जाएगी, जहां पुलिस पता करेगी कि दिल्ली में किन किन आरोपियों के साथ वारदात की है। चंडीगढ़ में आरोपी सेक्टर-17 और सेक्टर-43 बस स्टैंड पर वारदात करता था। पुलिस के पास अभी तक दो लोग आरोपी के खिलाफ शिकायत लेकर पहुंचे हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी 100 से अधिक वारदात को अंजाम दे चुका है।