चंडीगढ़। यूटी प्रशासक वीपी सिंह बदनौर के निर्देश के बावजूद प्रशासन ने अब तक निगम को इलेक्ट्रिसिटी ड्यूटी के 26 करोड़ रुपये नहीं दिए हैं। इस संबंध में निगम ने प्रशासन को पत्र लिखकर इलेक्ट्रिसिटी ड्यूटी देने के लिए कहा है। वित्तीय समस्याओं से जूझ रहे निगम को इस सेस से काफी राहत मिलेगी।
निगम ने गांवों की बिल्डिंग, रोड और लाइटों के लिए प्रशासन से अतिरिक्त फंड मांगा है। फंड न देने की स्थिति में निगम ने प्रशासन से ही कार्य कराने को कहा है। निगम को उम्मीद है कि 26 करोड़ रुपये का फंड मिलने पर काफी सहयोग मिलेगा, क्योंकि पानी की दर कम होने के बाद निगम को दोगुने से ज्यादा नुकसान उठाना पड़ रहा है। वहीं, कोरोना के चलते अन्य विभागों से भी अपेक्षा के अनुरूप राजस्व नहीं मिल पा रहा है। निगम ने प्रशासक के निर्देश के अनुसार राजस्व देने की मांग की है।