चंडीगढ़। क्रिकेट बोर्ड कंट्रोल ऑफ इंडिया (बीसीसीआई) की ओर से यूटी क्रिकेट एसोसिएशन (यूटीसीए) को महिला वर्ग की अंडर-19 की मेजबानी पहली बार मिली है। बीसीसीआई से मान्यता मिलने के बाद टूर्नामेंट को चंडीगढ़ होस्ट करेगा।
टूर्नामेंट 1-8 अक्तूबर तक खेला जाएगा। इसमें छह राज्यों की महिला क्रिकेट टीमें शिरकत करेंगी। इनका आगमन कुछ दिन में शहर में हो जाएगा। इससे पहले पुरुष वर्ग की पिछले सीजन की मेजबानी यूटीसीए को मिली थी। इस बार महिला टूर्नामेंट की मेजबानी मिलना एसोसिएशन के लिए काफी अहम माना जा रहा है। यूटीसीए के महिला और पुरुष वर्ग का टूर्नामेंट भी आगामी दिनों में शुरू होने जा रहे हैं। इसके लिए एसोसिएशन तैयारियों में जुट गई है।
टी-20 फॉरमेट में होंगे मुकाबले
अंडर-19 क्रिकेट टूर्नामेंट के मुकाबले टी-20 फॉरमेट में खेले जाएंगे। छह टीमों के बीच कुल 15 मुकाबले खेले जाने हैं। टूर्नामेंट में चंडीगढ़ सहित बड़ौदा, महाराष्ट्र, हरियाणा, मणिपुर, मिजोरम, केरल की टीमें शिरकत कर रही हैं। मिजोरम की टीम अगले चार दिन बाद शहर पहुंच रही हैं।
यहां होंगे मुकाबले
अंडर-19 महिला क्रिकेट टूर्नामेंट के मुकाबले सेक्टर-16 स्थित क्रिकेट स्टेडियम और गवर्नमेंट मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल सेक्टर-26 के क्रिकेट मैदान पर खेले जाएंगे। मुकाबलों से पहले टीमें इन्हीं दोनों स्थानों पर अभ्यास भी करेंगी।