सेक्टर 7 -8 की लाइट्स पर टक्कर से घायल घोड़ा।
- फोटो : CHANDIGARH
चंडीगढ़। सेक्टर-7/8 के लाइट प्वाइंट पर एक घोड़ा अचानक बेकाबू हो गया और गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची नगर निगम की गाड़ी ने घायल घोड़े को सेक्टर-38 स्थित पशु क्रूरता निवारण सोसाइटी (एसपीसीए) पहुंचाया, जहां उसका उपचार किया जा रहा है। डॉक्टर के अनुसार, घोड़े के पैर में फ्रैक्चर आया है। घोड़े को भर्ती कर लिया गया है। अब मंगलवार वरिष्ठ डॉक्टरों की सलाह लेकर आगे का इलाज किया जाएगा। उधर, पुलिस शिकायत में घोड़े के मालिक ने दावा किया है कि एक कार चालक घोड़े को टक्कर मारकर फरार हो गया, जिससे घोड़े की टांग टूटी है लेकिन पुलिस का कहना है कि घोड़ा बेकाबू होकर गिरा है।
सेक्टर-26 थाने के जांच अधिकारी सब इंस्पेक्टर सुभाष ने बताया कि दोपहर करीब डेढ़ बजे उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले का रहने वाला 65 वर्षीय बिहारी लाल अपनी घोड़ा गाड़ी से सेक्टर-7 की तरफ से आ रहा था। उसने सेक्टर-8 मध्य मार्ग की तरफ जाना था। जब वह सेक्टर 7/8 के लाइट प्वाइंट पर पहुंचा तो घोड़े का पैर फिसल गया और गिर पड़ा। हादसे की सूचना पुलिस को दी गई। सेक्टर-26 थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर नगर निगम की गाड़ी मंगवाई और घोड़े को उपचार के लिए सेक्टर-38 एसपीसीए पहुंचाया। सुभाष ने बताया कि बिहारी लाल रविवार को ही उत्तर प्रदेश से आया है। वह सेक्टर-7 स्थित घोड़ा पार्किंग से घोड़ा लेकर जा रहा था। उधर, घोड़े को घायल हालत में देखकर कई लोग भावुक हो गए।
घोड़ा मालिक बिहारी लाल ने बताया कि एक कार ने घोड़ा गाड़ी को टक्कर मार दी, जिससे घोड़ा घायल होकर नीचे गिर गया। वहीं सब इंस्पेक्टर सुभाष ने बताया कि सीएम हरियाणा का रूट लगा हुआ था। पेट्रोल पंप के पास टी प्वाइंट पर जहां हादसा हुआ वहां ट्रैफिक पुलिस का एक एएसआई और सिपाही ड्यूटी पर तैनात थे। ट्रैफिक पुलिस ने बताया कि घोड़ा खुद बेकाबू होने से गिरा है। पुलिस के अनुसार घोड़ा गाड़ी के पीछे एक कार आ रही थी। इस दौरान अचानक से लगाम खींचने से घोड़े का पैर फिसल गया और वह गिर गया। घोड़ा गाड़ी पर कोई सामान लोड नहीं था।