पंजाब को नई सरकार मिल गई है। 16 मार्च को सीएम बनने वाले भगवंत मान के 10 मंत्रियों ने शनिवार को मंत्री पद की शपथ ली। पहली बार मंत्री बने सभी विधायकों के चेहरों पर बड़ी जिम्मेदारी मिलने की खुशी थी वहीं अहसास भी था कि अब अपने वादों पर खरा उतरने की चुनौती शुरू हो गई है। शपथ लेने के बाद सभी मंत्रियों ने एक सुर में कहा कि हमें पंजाब को खुशहाल बनाना है।
मानसा से सिद्धू मूसेवाला को हराने वाले डॉ. विजय सिंगला ने कहा कि नशीली दवाओं की लत, बेरोजगारी के विभिन्न मुद्दे हैं जिनका समाधान अभी बाकी है और हमें इन सभी मुद्दों पर काम करना होगा। पंजाब में तरक्की करनी है तो विपक्ष के समर्थन की जरूरत पड़ेगी।
बरनाला के विधायक गुरमीत सिंह मीत हेयर ने मंत्री पद की शपथ लेने के बाद कहा कि पार्टी नेताओं का आभारी हूं। यह एक बड़ी जिम्मेदारी है और मैं इसे ईमानदारी से निभाऊंगा। लोग हमें इसलिए लाए हैं क्योंकि वे पंजाब की भ्रष्ट व्यवस्था से नाराज थे। हमें भ्रष्टाचार को जड़ से उखाड़ना होगा
कुलदीप सिंह धालीवाल ने कहा कि हम पंजाब के लोगों के लिए ईमानदारी से काम करेंगे। मैं राज्य के एक अल्पविकसित क्षेत्र से आता हूं और मेरी प्राथमिकता शिक्षा और स्वास्थ्य के लिए काम करना होगा। वहीं दोआबा से एकमात्र मंत्री बने ब्रह्म शंकर जिंपा ने कहा कि बहुत सारी समस्याएं हैं, स्वास्थ्य सेवाएं बहुत खराब हैं, हम सुधार के लिए काम करेंगे। हमारे पास एक जर्जर पंजाब है, इसमें कुछ समय लगेगा लेकिन बदलाव जरूर आएगा।