लुधियाना में सबसे ज्यादा बारिश, आज भी यलो अलर्ट
मौसम विभाग के मुताबिक बुधवार सुबह साढ़े आठ बजे तक लुधियाना में सबसे ज्यादा 13.2 एमएम, चंडीगढ़ में 2.4, पटियाला में 2.5, बठिंडा में 5.4, फरीदकोट में 8.4, एसबीएस नगर में 9.0, फरीदकोट में 7.5, फिरोजपुर में 5.0, मोगा में 11.0 और रोपड़ में 11.5 एमएम बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने गुरुवार को भी यलो अलर्ट जारी किया है। लोगों को चिलचिलाती गर्मी का सामना नहीं करना पड़ेगा। बुधवार सुबह साढ़े आठ बजे के बाद चंडीगढ़ में 7.8 एमएम की बारिश के अलावा पंजाब के ज्यादातर इलाके सूखे रहे।
आंधी व बारिश से बिजली सप्लाई बाधित
आंधी व बारिश के चलते बिजली की मांग में 900 मेगावाट की कमी दर्ज की गई लेकिन खराब मौसम के चलते पंजाब के ज्यादातर हिस्सों में बिजली सप्लाई में बाधा आने से पावरकॉम को बुधवार शाम तक 60600 शिकायतें प्राप्त हो चुकी थीं। इनमें 38650 का निपटारा कर दिया गया था। बिजली सप्लाई में बाधा से लोगों को परेशानी हुई।
मंगलवार कों पंजाब में तेज गर्मी के चलते बिजली की मांग 7800 मेगावाट रही लेकिन इसी बीच देर रात तेज धूल भरी आंधी व बारिश के कारण पारे में गिरावट से बुधवार को बिजली की मांग घट गई। अधिकतम मांग 6900 मेगावाट रही और इस तरह से एक ही दिन में मांग में 900 मेगावाट की कमी से पावरकॉम ने भी राहत की सांस ली।
पावरकॉम को अपने रोपड़ व लहरा मुहब्बत थर्मल प्लाटों से कुल 1187 मेगावाट, और राजपुरा, तलवंडी साबो व गोइंदवाल थर्मल प्लांटों से 3368 मेगावाट, हाइडल प्रोजेक्टों से 476 मेगावाट समेत सभी स्रोतों को मिलाकर कुल 5121 मेगावाट बिजली प्राप्त हुई। वहीं पावरकॉम ने 6900 मेगावाट की अधिकतम मांग को बाहर से बिजली खरीद कर आसानी से पूरा कर लिया। बुधवार को भी रोपड़ व लहरा मुहब्बत थर्मल प्लांट की एक-एक यूनिट तकनीकी खराबी के चलते बंद थीं। उधर, गोइंदवाल थर्मल प्लांट की भी एक यूनिट बुधवार को बंद रही।