चंडीगढ़। सातवें वेतनमान के लिए पंजाब विश्वविद्यालय में शिक्षकों का प्रदर्शन नए साल में भी जारी रहा। एडमिन ब्लॉक के बाहर शिक्षक एकत्रित हुए। पंजाब सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। शिक्षकों ने कहा कि वे अपनी मांगों से पीछे नहीं हटने वाले हैं। शिक्षकों को एकजुट करने की बात कही। उन्होंने कहा कि अब शिक्षक आरपार की लड़ाई लड़ेंगे।
पंजाब यूनिवर्सिटी टीचर्स एसोसिएशन (पुटा) के बैनर तले शिक्षक बड़ी संख्या में दोपहर को एडमिन ब्लॉक के बाहर एकत्रित हुए। उसके बाद धरना दिया। पुटा अध्यक्ष डॉ. मृत्युंजय कुमार ने कहा कि पंजाब सरकार को शिक्षा से कोई मतलब नहीं रहा। आज तक के इतिहास में ऐसा कभी नहीं हुआ कि शिक्षकों को इतना बड़ा प्रदर्शन करना पड़ा हो। शिक्षकों ने हर बात आसानी से सरकार के सामने रखी। आश्वासन के जरिए भी शिक्षकों ने काम चलाया लेकिन अब शिक्षक अपना हक लेकर रहेंगे। वेतनमान का लाभ देना ही होगा।
सचिव प्रो. अमरजीत सिंह नौरा का कहना है कि सरकार को सोचना चाहिए कि शिक्षा पूरे पंजाब व चंडीगढ़ में बंद चल रही है। छात्र से लेकर अभिभावक तक परेशान हैं। ऐसे में शिक्षकों का हक सरकार को देना चाहिए।