वहीं, फिरोजपुर में सीमांत गांव किलचे के खेतों में भरे बाढ़ के पानी में एक 28 वर्षीय युवक पांव फिसलने से गिर गया और 12 फीट गहरे गड्ढे में फंसने से उसकी मौत हो गई। युवक बोहड़ सिंह खेत के पास खड़ा था। अचानक उसका पांव फिसल गया और वह गड्ढे में गिर गया। जब उसे निकाला तो उसके मुंह में कीचड़ भरा था। दम घुटने से उसने दम तोड़ दिया।
10वीं और 12वीं की कंपार्टमेंट परीक्षाएं स्थगित
पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड (पीएसईबी) ने 10वीं और 12वीं के कंपार्टमेंट की परीक्षाएं भी स्थगित कर दी हैं। शिक्षा मंत्री हरजोत बैंस ने बताया कि छुट्टियों वाले आदेश सभी सरकारी, एडेड, मान्यता प्राप्त प्राइवेट स्कूलों पर लागू होंगे। 24 और 25 अगस्त को मुलतवी की गईं परीक्षाओं की नई डेटशीट बाद में जारी की जाएगी। नई डेटशीट बोर्ड की वेबसाइट बोर्ड की वेबसाइट
www.pseb.ac.in पर जारी होगी। इसी तरह 30 तारीख को रक्षा बंधन होने के चलते संस्थानों में दो घंटे की छुट्टी रहेगी। हालांकि, 10वीं और 12वीं की परीक्षा जारी डेटशीट के अनुसार सुबह 10 बजे ही होगी।
पंजाब में दो दिन बारिश का येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने गुरुवार से अगले दो दिनों के लिए भी बारिश की आशंका को देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया है। पंजाब में कुछ जिलों में बारिश के कारण तापमान में एकदम से 4.1 डिग्री की बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। बुधवार को पंजाब में पठानकोट और मोहाली में 4.5 एमएम की बारिश दर्ज की गई। मंगलवार रात को पटियाला में 10.4 एमएम, पठानकोट में 8.2, एसबीएस नगर में 37.4, फतेहगढ़ साहिब में 35.0, लुधियाना में 2.0, रोपड़ में 17.5 एमएम बारिश दर्ज की गई।