विदेशों में सुनहरे भविष्य का सपना दिखाकर लोगों को ठगने वाले ट्रेवल एजेंटों को अब लोग खुद ही बेनकाब कर रहे है। ऐसा ही एक मामला तरनतारन में सामने आया है। यहां के बोहड़ी चौक के समीप अपना दफ्तर खोल कर एक एजेंट ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों के युवाओं को विदेश में नौकरी का झांसा देकर लाखों रुपये ठग लिए। दुबई में एक महीने के जब रोजगार नहीं मिला तो उन्हें एजेंट की ठगी का पता लगा।
दुबई से ही उक्त युवकों ने तंगहाली की वीडियो बनाकर परिजनों को भेजा है। परिजनों को जब यह वीडियो मिला तो उनके होश उड़ गए। परिजनों ने एजेंट को पकड़ने के लिए जब उसके कार्यालय पहुंचे तो ताला लटका मिला। इस पर परिजनों ने थाना सिटी पुलिस को शिकायत दी। पुलिस मामले की जांच कर है ।
दुबई में फंसे हरप्रीत सिंह निवासी पट्टी के भाई पाल सिंह ने बताया कि वह 10 भाई-बहन है। आर्थिक हालत अच्छी न होने के कारण हरप्रीत सिंह चाहता था कि वह विदेश में सेटल होकर परिवार की भी सहायता कर सके। विदेश जाने की चाह के कारण वह एजेंट सुरजीत सिंह निवासी संघा के झांसे में आ गया। एजेंट ने हरप्रीत सिंह से दुबई में नौकरी दिलवाने के बदले में 75 हजार रुपये ले लिए। एजेंट सुरजीत सिंह ने हरप्रीत सिंह को 11 जुलाई को दुबई भेज दिया।
वहां उसे अब तक नौकरी नसीब नही हुई है। पाल सिंह ने बताया कि पता चला है कि आरोपी एजेंट करीब 15 युवकों को दुबई भेजा है। उसने बाकी युवकों के परिजनों के साथ थाना पुलिस के पास गुहार लगाई है कि उसके भाई सहित सभी युवकों को दुबई से वापस लाया जाए और आरोपी एजेंट के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।