टीकरी बॉर्डर बंद होने से परेशान गांवों के लोगों ने मुख्यमंत्री से मुलाकात की थी। इसके बाद मुख्यमंत्री ने कहा था कि सुप्रीम कोर्ट ने रास्ते खुलवाने वाली याचिका में संयुक्त किसान मोर्चा को पार्टी बनाए जाने को कहा है। व्यापारी और दुकानदारों को हो रहे नुकसान को लेकर वे भी चिंतित हैं। गांवों से होकर गुजरने वाली लिंक सड़कों को ठीक करवाने के लिए संबंधित विभागों को आदेश देकर प्राथमिकता से काम कराया जाएगा।
रोते हुए बोले ग्रामीण, अस्पताल न पहुंचने से कई की हुई मौत
एक ग्रामीण ने रोते हुए मुख्यमंत्री के समक्ष बताया था कि आपातकालीन स्थिति में अस्पताल न पहुंचने से भी कई मरीजों की मौत हो चुकी है। ऐसा भी नहीं है कि रात में किसी की हालत बिगड़े तो उसे आसानी से अस्पताल पहुंचाया जा सके। ग्रामीणों ने कहा कि बॉर्डर के पास दुकानदारों और शोरूम मालिकों के काम-धंधे पूरी तरह ठप हो गए हैं। हालात ये हैं कि कामकाज ठप होने के कारण लोगों के सामने पलायन करने की स्थिति आ गई है।