नजदीकी गांव हसनपुर खुर्द में 17 साल के एक युवक ने रविवार की देर रात को जहरीली गोलियां निगल लीं। पारिवारिक सदस्यों को पता चला तो वह गत देर रात को उसे अमृतसर के एक निजी अस्पताल में ले गए, जहां उसकी सोमवार की सुबह मौत हो गई।
पुलिस थाना सदर ने मृतक के पिता के बयानों पर 174 की कार्रवाई की है। जांच अधिकारी एएसआई निरजीत सिंह ने बताया कि रंजीत सिंह (17) वासी गांव हसनपुर खुर्द को अकसर दौरे पड़ते थे और वह अपनी मां से सुुसाइड की बात करता था।
मानसिक तौर पर परेशान रंजीत सिंह ने रविवार रात को जहरीली दवाई निगल ली। परिजन उसे अमृतसर के एक निजी अस्पताल ले गए। सोमवार को सुबह ही रंजीत की मौत हो गई। पुलिस ने पिता गुरदीप सिंह के बयानों पर मामला दर्ज कर लिया है।
एक अन्य मामले में सोमवार सुबह करीब 6 बजे बटाला के रहने वाले 28 साल के एक युवक ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली । अमोलक सिंह वासी लीकांवाले तालाब बटाला ने सुसाइड नोट में लिखा है कि उसने कुछ लोगों को अमेरिका जाने के लिए 25 लाख रुपये दिए थे।
उन लोगों ने उसे न तो अमेरिका भेजा और न ही उसके पैसे लौटाए। इस वजह से वह परेशान था। आखिरकार उसे सुसाइड जैसे तरीके को अपनाना पड़ा हैं। सुसाइड नोट में युवक ने लिखा है कि पुलिस आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करे।
सोमवार सुबह सूचना मिलते ही सिटी पुलिस के एसएचओ मौके पर पहुंचे और शव को अपने कब्जे में लिया। एसएचओ सिटी नरिंदर सिंह ने बताया कि अमोलक सिंह ने मानसिक रूप से तंग आकर सुसाइड किया है। पुलिस ने 6 आरोपियों पर विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज करके आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।