तरनतारन जिले के सीमावर्ती क्षेत्र भीखीविंड में एक महिला में कोरोना वायरस के लक्षण पाए गए हैं। यह महिला बहरीन से लौटी है। सूत्रों के अनुसार महिला के पति में भी सेहत विभाग को कोरोना के लक्षण दिखाई दिए हैं। सेहत विभाग की टीम ने संदिग्ध महिला के कुछ सैंपल ले लिए हैं।
फरवरी के अंतिम सप्ताह में भीखीविंड से एक महिला दो वर्ष के वर्क परमिट पर बहरीन में मेडिकल लैब में काम करने के लिए गई थी। वहां पर उसे बुखार, सर्दी, जुकाम की शिकायत के साथ सांस लेने में तकलीफ शुरू हो गई। इसके चलते बहरीन के लैब प्रबंधकों ने उसे भारत भेज दिया। 12 मार्च को यह महिला हवाई यात्रा कर बहरीन से दिल्ली पहुंची। इसके बाद ट्रेन के माध्यम से अमृतसर और फिर बस से भीखीविंड आ गई।
विदेश से लौटी इस महिला के बीमार होने की सूचना शनिवार को सेहत विभाग के पास पहुंची। इस पर कार्रवाई करते हुए सरकारी अस्पताल सुर सिंह के मेडिकल अधिकारी डॉक्टर गुरसेवक सिंह ने टीम के साथ रविवार को उक्त महिला के घर में पहुंचकर उसके टेस्ट कर सैंपल लिए। डॉक्टर गुरसेवक सिंह ने बताया कि उक्त महिला और उसके पति को कोरोना है या नहीं इसकी पुष्टि सेहत विभाग की ओर से लिए गए सैंपल की रिपोर्ट आने के बाद ही की जाएगी।