13 मई को पिंजौर में दुकानदार को पीटने पर हुई थी गिरफ्तारी
हेमंत कलसन ने 13 मई की रात नशे में धुत्त होकर पिंजौर स्थित एक दुकान में घुसकर दुकानदार को गालियां दी और जूता निकालकर उसके साथ मारपीट की थी। जब इस मामले में आरोपी को पिंजौर थाने ले जाया गया तो यहां पर आरोपी ने न केवल सरकारी काम में बाधा डालकर एक पुलिसकर्मी को गालियां दीं बल्कि कार्रवाई करने वाले पुलिस कर्मचारी को जान से मारने की धमकी भी दी। इसके बाद पिंजौर पुलिस ने पुलिसकर्मी की शिकायत पर कार्रवाई कर उक्त दोनों ही मामलों में आरोपी हेमंत कलसन को गिरफ्तार करके अदालत में पेश किया। अदालत ने आरोपी हेमंत कलसन को न्यायिक हिरासत में भेजा था।
2020 में मां-बेटी के साथ की थी बदसलूकी
हेमंत कलसन ने दो साल पहले अगस्त 2020 में पिंजौर के रत्तपुर कॉलोनी में रहने वाली मां-बेटी के साथ मारपीट कर गाली गलौच की थी। महिला की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया था। महिला के पड़ोस में रहने वाले एक व्यक्ति ने आईजी के खिलाफ मारपीट की उसी समय पुलिस में शिकायत दी थी। उस समय आईजी को जेल की हवा खानी पड़ी थी।
2019 में तमिलनाडु में गोली चलाई थी
2019 में हेमंत कलसन को तमिलनाडु के अरियालूर में चुनाव ड्यूटी के लिए बतौर ऑब्जर्वर तैनात किया गया था। वहां पर शराब के नशे में तैनात कांस्टेबल से बंदूक ली और यह जानने के लिए कि वह चलती भी है या नहीं हवा में 9 राउंड फायर कर दिए। इस कारण वहां की सर्किट हाऊस में रह रहे दूसरे लोग दहशत में आ गए थे। हरियाणा सरकार ने उस दौरान हेमंत कलसन को कुछ समय के लिए सस्पेंड कर दिया था।