गुरदासपुर में संदिग्धों की तलाश में जुटी पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
पंजाब पुलिस अफसरों के हाथ-पैर उस समय फूल गए, जब गुरदासपुर में कॉलेज के पास सात हथियारबंद संदिग्धों को देखा गया। पठानकोट एयरबेस पर हुए हमले के बाद में संदिग्ध व्यक्ति देखे जाने की अफवाहों का बाजार गर्म था।
करीब डेढ़-दो महीने से इन अफवाहों पर अंकुश लगा था। शुक्रवार की रात फिर से गुरदासपुर-दीनानगर के हाईवे स्थित बेअंत इंजीनियरिंग कालेज के पास आम के बाग में सात हथियार बंद संदिग्ध व्यक्ति गए। संदिग्ध देखे जाने की सूचना मिलते ही पुलिस के उच्चाधिकारी तुरंत हरकत में आ गए और पूरे इलाके को सील करके सर्च अभियान शुरू कराया।
पुलिस के अनुसार सेवानिवृत्त सैनिक सतबीर कुमार का कहना है कि जब वह बरियार अड्डे से वापस अपने घर जा रहा था कि उसने पास में पड़ते आम के बाग में सात लोगों को ट्रक से उतरते देखा। उनके हाथ में एके 47 रायफल और 9 एमएम के पिस्तौल थे।
सतबीर ने कहा कि वह लोग बोले इसे कुछ नही कहना, यह एक आम नागरिक है। इसके बाद वह लोग जंगल में चले गए। इसके बाद सतबीर ने गांव के सरपंच को इसकी जानकारी दी।