अमेरिका से भारत घूमने आए एक पर्यटक को फ्लू की शिकायत पर रविवार को पीजीआई की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया लेकिन दोपहर में वह बिना बताए अचानक गायब हो गया। कोरोना के संदिग्ध विदेशी मरीज के इस तरह से गायब होने से हड़कंप मच गया। सूचना पर पूरा स्वास्थ्य विभाग का अमला सक्रिय हो गया और चंडीगढ़ हेल्थ डिपार्टमेंट ने ट्रेस कर संदिग्ध मरीज को पकड़कर सेक्टर-16 स्थित आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कर दिया है।
चंडीगढ़ हेल्थ विभाग की ओर से मिली जानकारी के अनुसार- अमेरिका से 19 फरवरी को एक पुरुष भारत घूमने आया था। सबसे पहले पर्यटक दिल्ली पहुंचा। वहां से हरियाणा, पंजाब और हिमाचल की यात्रा करने के बाद चंडीगढ़ पहुंचा। रविवार को फ्लू होने के कारण पर्यटक इलाज के लिए पीजीआई पहुंचा।
जहां जांच के बाद पर्यटक को डॉक्टरों ने इमरजेंसी विभाग में भर्ती कर लिया लेकिन थोड़ी देर बाद पर्यटक अपने बेड से गायब मिला। इससे डॉक्टरों में हड़कंप मच गया। डॉक्टरों ने इसकी सूचना तत्काल यूटी हेल्थ विभाग को दी। हेल्थ विभाग की टीम तत्काल सक्रिय हुई और मरीज की तलाश में जुट गई। काफी देर तक ट्रेस करने के बाद पर्यटक को खोज लिया गया और पीजीआई लाकर उसकी काउंसलिंग की गई। वहां से एंबुलेंस से उसे सेक्टर 16 स्थित आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया गया है।
जीएमसीएच-32 व जीएमएसएच 16 में भर्ती दो संदिग्ध मरीजों की रिपोर्ट निगेटिव
जीरकपुर निवासी एक महिला को शनिवार को कोरोना वायरस के संदिग्ध मरीज के रूप में जीएमएसएच-16 में भर्ती कराया गया था। रविवार सुबह उसकी रिपोर्ट निगेटिव आई है। वहीं जीएमसीएच-32 में भर्ती मरीज की रिपोर्ट भी रविवार को निगेटिव आई है। युवक सऊदी अरब से लौटा है।
जानकारी के अनुसार, शहर में अब तक कोरोना वायरस के आए संदिग्ध मरीजों में से 15 चंडीगढ़ के रहने वाले है। इन सभी की रिपोर्ट नेगेटिव आई है। शनिवार देर रात जीरकपुर की निवासी महिला को को जीएमएसएच-16 के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया गया था। महिला दुबई से वापस आई थी।