किसी ने सच ही कहा है कि कामयाबी उम्र की मोहताज नहीं है। 73 साल की उम्र में एक शख्स ने वो कारनामा कर दिखाया कि इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड में नाम दर्ज हो गया। पंचकूला में सेक्टर-12 निवासी 73 वर्षीय बजीर चंद गोयल ने रिटायरमेंट के बाद डिग्री हासिल करके और नेशनल लेवल पर रिले रेस में विजय प्राप्त करके अपना नाम इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड में दर्ज कराया है।
इस सम्मान के साथ ही वह युवाओं के लिए एक प्रेरणा बन गए हैं। बजीर चंद यह रिकॉर्ड हासिल करने वाले ट्राइसिटी के पहले सीनियर सिटीजन हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं को परिस्थितियों का मुकाबला करते हुए अपने कदम आगे बढ़ाते रहना चाहिए। ऐसे लोग सफलता हासिल करते हैं, जो बिना रुके और झुके आगे बढ़ते हैं।
बजीर चंद गोयल ने बताया कि उन्हें इस रिकॉर्ड के बारे में एक महीने पहले उनके दोस्त से पता चला। जैसे ही रिकॉर्ड की जानकारी मिली उन्होंने अप्लाई कर दिया। इसके बाद उन्हें इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड की ओर से परफॉर्मा भरने और सर्टिफिकेट वेरीफिकेशन के लिए कहा गया।
सभी दस्तावेजों की पुष्टि होने के बाद उनका इस रिकॉर्ड के लिए चयन हुआ और दोनों उपलब्धियों के लिए सर्टिफिकेट व मेडल उनके घर भेज दिए गए। बजीर चंद गोयल ने बताया कि इतना बड़ा सम्मान पाकर वे बहुत खुश हैं।