चंडीगढ़। पंजाब यूनिवर्सिटी कानून विभाग में दो साल बाद बुधवार को ऑफलाइन कक्षाओं की शुरुआत हुई। कानून विभाग में कक्षाओं की शुरुआत अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों से की गई है। पहले दिन 100 विद्यार्थियों ने कक्षाएं लगाई। हालांकि, दूसरे राज्यों के कई विद्यार्थी अभी नहीं आए हैं, इसलिए कक्षा में उपस्थिति दर्ज नहीं करवा पाए।
कानून विभाग के अध्यक्ष डॉ. दविंदर ने बताया कि पहले दिन बुधवार को कक्षाएं सामान्य रहीं। अंतिम वर्ष के 300 विद्यार्थियों में 100 छात्र ऑफलाइन कक्षाएं लगाने के लिए पहुंचे। इनमें ज्यादातर छात्रावासों में रह रहे विद्यार्थी और शहर के छात्र थे। कुछ समय बाद पहले और दूसरे वर्ष के विद्यार्थियों की कक्षाएं भी ऑफलाइन माध्यम से शुरू कर दी जाएंगी। इनकी 12 फरवरी से ऑनलाइन कक्षाएं चल रही है। वहीं, एलएलएम के विद्यार्थियों की परीक्षाएं एक मार्च से शुरू होनी हैं, इसलिए परीक्षाओं के बाद 12 मार्च से उनकी ऑफलाइन कक्षाएं शुरू हो जाएंगी।
छात्रावास के लिए एसडी कालेज के छात्रों ने लिखा पत्र
एसडी कॉलेज-32 के एसडीसीयू और एसडीएचयू विद्यार्थी संगठनों ने मिलकर कॉलेज प्राचार्य को लड़कों को छात्रावास उपलब्ध करवाने के लिए पत्र लिखा है। छात्र नेता रितिक शुक्ला ने कहा कि कॉलेज में ऑफलाइन कक्षाओं की शुरुआत हो गई है और मार्च से पूरी तरह कक्षाएं बहाल हो जाएंगी, इसलिए लड़कों को छात्रावास मुहैया करवाए जाएं। क्योंकि उन्हें बाहर रहने के साथ खाने की भी समस्या आ रही है। छात्रावास में रहने पर विद्यार्थियों के परिजन भी कोविड के माहौल में चिंतामुक्त रहेंगे।