योग गुरु बाबा रामदेव को मानद उपाधि देने का विरोध जताते हुए छात्रों ने कहा कि विश्वविद्यालय अनपढ़ को डिग्री बांट रहा है और हमारी डिग्री की परवाह नहीं कर रहा। दरअसल हरियाणा के हिसार स्थित एचएयू के दीक्षांत समारोह में बीटेक एग्रीकल्चर इंजीनियरिंग के छात्रों की मांगें पिछले चार से पूरी होने पर गुस्साएं छात्रों ने हंगामा कर दिया।
नाराज छात्रों ने दीक्षांत समारोह के दौरान सभागार में अपनी डिग्री लौटाने के नारे लगाए। इसके बाद स्टेज के सामने डिग्री ले रहे छात्रों ने भी विरोध जताया। हालांकि उन्होंने डिग्री ली। करीब चार मिनट चले इस हंगामे ने सभी को चौंका दिया।
सिविल ड्रेस में खड़ी पुलिस छात्रों को पकड़ कर बाहर ले गई। जहां पर उन्होंने रामदेव को मानद उपाधि देने का विरोध किया और कहा कि विश्वविद्यालय अनपढ़ को डिग्री बांट रहा है और हमारी डिग्री की परवाह नहीं कर रहा। बाद में छात्रों को पुलिस चौकी में ले गई और रात 9 बजे बाद थाने से उन्हें छोड़ा गया।
यह है मामला
बीटेक एग्रीकल्चर इंजीनियरिंग के छात्र पिछले कई सालों से अपनी कुछ मांगों को लेकर प्रदर्शन करते आ रहे हैं। एचएयू के कुलपति डॉ. केएस खोखर हर साल इन मांगों को पूरा करने की बात कहते रहे। हैरानी की बात यह है कि राज्यसभा में भी छात्रों की मांगों को लेकर प्रश्न उठाया जा चुका है।
छात्रों ने बताया कि इस मामले वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय कृषि मंत्री राधा मोहन सिंह के कार्यालय से लगातार पत्राचार से जुड़े हैं। लेकिन आज तक कोई कदम नहीं उठाया गया। यहां तक कांग्रेस सरकार में कृषि मंत्री के घर का घेराव भी किया गया था, उसके बावजूद आज तक छात्रों की मांगें पूरी नहीं हो पाई। यही कारण था कि रविवार को छात्रों ने कन्वोकेशन के दौरान अपना विरोध दर्ज करवाया।