फाजिल्का जिले के गांव चक पक्खी में ट्रेन के इंजन की चपेट में आने से एक किशोर की मौत हो गई है। छात्र के कान में हेडफोन लगा था, इसलिए उसे ट्रेन की आवाज सुनाई नहीं दी। हरप्रीत सिंह निवासी चिमनेवाला ने बताया कि बुधवार सुबह साढ़े 8 बजे के करीब एक लड़का रेलवे स्टेशन पर प्लेटफार्म के नीचे रेलवे लाइन की साइड जा रहा था। तभी बठिंडा की ओर से आ रहे एक इंजन की चपेट में आ गया।
वहीं, जीआरपी के एएसआई भजन लाल ने बताया कि लड़के की मौत हो गई है। बुधवार सुबह करीब 8:30 बजे उन्हें हादसे की सूचना मिली। मौके पर पहुंचकर उन्होंने शव कब्जे में लिया। लड़के की जेब से मिले आधार कार्ड से उसकी पहचान आशू कंबोज के तौर पर हुई है। उसकी आयु करीब 17 साल की है।
छात्र के कान में हेडफोन लगा था। वह पढ़ने जा रहा था। ट्रेन इंजन की आवाज सुनाई नहीं देने के कारण हादसा होने का शक है। मृतक के परिजनों ने मौके पर आकर शव की शिनाख्त की है।