हरियाणा रोडवेज के कर्मचारियों की ऑनलाइन ड्यूटी पर परिवहन निदेशालय रोक लगाने जा रहा है। कर्मचारियों को हो रही परेशानी के मद्देनजर ऑनलाइन डयूटी पर तुरंत रोक लगाने का निर्णय लिया गया है। सभी डिपो में दो-तीन कर्मचारियों को इसके लिए ट्रेनिंग दी जाएगी, उसके बाद निदेशालय दोबारा ऑनलाइन ड्यूटी की प्रक्रिया शुरू करेगा।
परिवहन महानिदेशक आरसी बिढान ने हरियाणा रोडवेज ज्वाइंट एक्शन कमेटी के प्रतिनिधिमंडल से बातचीत के बाद यह आश्वासन दिया। महानिदेशक ने प्रतिनिधिमंडल से कहा कि 367 नई बसों का टेंडर जारी हो चुका है। मार्च तक बसें आ जाएंगी। 31 मार्च से पहले-पहले खाली पड़े सभी पदों पर प्रमोशन करने जा रहे हैं।
ऑनलाइन ट्रांसफर पॉलिसी में किसी भी कर्मचारी का नाजायज तबादला नहीं किया जाएगा, जो कर्मचारी खुद करवाना चाहेगा उसका ही तबादला होगा। जो कर्मचारी तकनीकी स्केल से वंचित रह गए थे उनको भी तकनीकी स्केल देने के आदेश जल्दी ही किए जाएंगे। ऑन डेपुटेशन दूसरे डिपो में गए चालक-परिचालकों को मूल डिपो में भेजा जाएगा।
बिढान ने सभी जायज विभागीय मांगों पर सहानुभूति पूर्वक विचार करने का भी आश्वासन दिया है। प्रतिनिधिमंडल ऑल हरियाणा रोडवेज वर्कर्स यूनियन के राज्य प्रधान हरिनारायण शर्मा के नेतृत्व में महानिदेशक से मिला। बैठक के दौरान चर्चा में जयभगवान कादियान, बलवान सिंह दोदवा, सुखविंदर सिंह, मजीद चौहान, मनिंदर सिंह व धर्मेंद्र आदि मौजूद रहे। ज्वाइंट एक्शन कमेटी ने महानिदेशक का सकारात्मक बातचीत के लिए आभार जताया है।