चंडीगढ़ की सबसे हाईटेक मानी जाने वाली यूटी पुलिस के लिए कुछ मोस्टवांटेड अपराधी सिरदर्द बने हुए हैं। करीब 40 ऐसे अपराधी है जिन्होंने कोई मर्डर तो नहीं किया लेकिन लोगों के साथ करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी की है।
वहीं फरवरी 2023 को चंडीगढ़-मोहाली बैरियर के पास सेक्टर 52/53 डिवाइडिंग रोड हिंसा की घटना हुई थी। इस मामले में यूटी पुलिस ने हिंसा करने की धाराओं के तहत काफी लोगों के खिलाफ सेक्टर-36 थाने में मामला दर्ज किया था। इस मामले में पुलिस ने कैमरे व फुटेज में कैद हुए करीब 30 ऐसे लोगों की पहचान की जिनका हिंसा फैलाने में काफी अहम रोल था। पुलिस ने इन्हें काफी तलाश किया लेकिन इनके बारे में कोई जानकारी नहीं मिली। पुलिस ने हिंसा फैलाने वाले करीब 30 आरोपियों को मोस्टवांटेड घोषित करते हुए इन पर करीब 10-10 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया लेकिन इसके बावजूद इनके खिलाफ कोई जानकारी नहीं मिल पाई।
इसके अलावा यूटी पुलिस के रिकॉर्ड में वर्ष 2011 के धोखाधड़ी से संबंधित मामले में पीओ घोषित आशीष गोयल व उसकी पत्नी सुमिता गोयल को भी मोस्टवांटेड की श्रेणी में रखा है और इन पर भी 25-25 हजार रुपये का इनाम रखा हुआ है। इसके अलावा सेक्टर-22 में एक ज्वैलरी शॉप में दुकानदार को गोलियां मारकर लूट की वारदात अंजाम देने वाले अज्ञात युवक पर भी पुलिस ने मोस्टवांटेड का टैग लगाया हुआ है और इस आरोपी का सीसीटीवी फुटेज होने के बावजूद उसका कोई ठिकाना नहीं मिल पाया है। पुलिस ने इस आरोपी की सीसीटीवी फुटेज आसपास के राज्यों में भी भेजी थी ताकि इसकी पहचान की जा सकें लेकिन इसके बावजूद इसका कोई अता पता नहीं चला।
यूटी पुलिस के अलग-अलग मामलों में करीब 3800 पीओ व भगौड़ों सहित कुछ अन्य 35-40 वांटेड आरोपी है। इन वांटेड आरोपियों पर इनाम भी रखा हुआ है और इनकी सूचना देने वाले का नाम भी गुप्त रखा जाता है। इन आरोपियों को दबोचने के लिए अलग से पीओ सेल का भी गठन किया गया है। - कंवरदीप कौर, एसएसपी चंडीगढ़