पंजाब के जालंधर में पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह तूर ने स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) की कंपनियों को तैनात कर दिया है। पटियाला हिंसा के बाद जालंधर के हिंदू नेताओं पर पुलिस की नजरें हैं। सीपी तूर ने कहा कि इस कदम का उद्देश्य अपराध के खिलाफ अधिक निगरानी सुनिश्चित करना और हर कीमत पर कानून व्यवस्था को बनाए रखना है।
उन्होंने कहा कि कमिश्नरेट पुलिस शहर के लोगों की सेवा के लिए प्रतिबद्ध है। शहर में विशेष रूप से प्रशिक्षित और हाईटेक कमांडो को तैनात कर सुरक्षा बढ़ा दी गई है, जो नियमित रूप से शहर के संवेदनशील क्षेत्रों की जांच कर रहे हैं। सीपी तूर ने कहा कि किसी को भी कानून अपने हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी और अगर कोई कानून का उल्लंघन करता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल शहर में कड़ी निगरानी रख रहा है। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि अधिकारियों को सख्ती से अवगत करा दिया गया है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने में ढिलाई किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। तूर ने कहा कि पुलिस लोगों की सेवा के लिए है। सभी अधिकारियों को पेशेवर प्रतिबद्धता व समर्पण के साथ अपने कर्तव्य का निर्वहन करना है।
पुलिस कमिश्नर ने दोहराया कि पूरे शहर में प्रभावी नाकाबंदी और गश्त के लिए कमिश्नरी कार्यालयों व पुलिस लाइन से अतिरिक्त बल पहले ही प्रतिनियुक्त किया जा चुका है। इसी तरह, उन्होंने कहा कि कमिश्नरेट के राजपत्रित अधिकारियों (जीओ) को रात 10 बजे तक शहर के क्षेत्र में रहने के लिए कहा गया है।
असामाजिक तत्वों और अपराधियों की गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए देर शाम और रात की ड्यूटी को मजबूत किया गया है। पुलिस आयुक्त ने लोगों से सहयोग की अपील की और कहा कि पुलिस लोगों की सेवा के लिए है लेकिन जनता के समर्थन के बिना अपराध मुक्त समाज का निर्माण नहीं किया जा सकता है। पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह तूर ने लोगों को आश्वासन दिया कि उनके सहयोग से जालंधर को अपराध मुक्त और सुरक्षित शहर बनाया जाएगा। उन्होंने शहर में शांति बनाए रखने के लिए लोगों का धन्यवाद भी किया।