चंडीगढ़। मछली व्यापार की आड़ में शराब तस्करी करने वाले एक युवक को ऑपरेशन सेल की टीम ने गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान सेक्टर-21-सी के मकान नंबर-2025 निवासी भरत के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ आईटी पार्क थाने में केस दर्ज किया गया है।
ऑपरेशन सेल के एएसआई ह्दयवंत ने टीम के साथ किशनगढ़ चौक के पास नाकाबंदी की हुई थी। इस दौरान पुलिस वाहनों की चेकिंग कर रही थी। तभी पुलिस ने एक महिन्द्रा गाड़ी नंबर-सीएच-01टीबी-0865 को रोका। चेकिंग के दौरान गाड़ी में मछलियां मिलीं। पुलिस पूछताछ में उसने बताया कि वह यह मछलियां हिमाचल प्रदेश में सप्लाई करता है। शक होने पर पुलिस ने जब मछलियां हटाकर नीचे चेक किया तो शराब की 300 बोतलें मिलीं। पुलिस ने जब उससे शराब ले जाने का लाइसेंस मांगा तो वह दिखा नहीं सका। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। जांच में पता चला कि आरोपी के खिलाफ 2014 में सेक्टर-19 के थाने में भी चोरी का केस दर्ज हुआ था।