हरियाणा के बिजली वितरण निगम नए साल में बिजली उपभोक्ताओं की सभी शिकायतों का तुरंत निवारण करेंगे। बिजली निगमों के प्रबंध निदेशक अनुराग अग्रवाल ने बताया कि हरियाणा के बिजली उपभोक्ताओं की सभी प्रकार की शिकायतें बुधवार से एसएमएस के माध्यम से भी दर्ज करवाने की सुविधा दी जाएगी।
अग्रवाल ने बताया कि दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम और उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम से संबंधित उपभोक्ता अपनी शिकायतें अपने माबाइल सेट के मैसेज बॉक्स में खाता नंबर और शिकायत लिखकर 51969 पर दर्ज करवा सकता है।
जैसे ही उपभोक्ता की शिकायत प्रणाली पर प्राप्त होगी तो उसे एसएमएस में दिए लेखा नंबर के आधार पर पहचान कर संबंधित अधिकारी को भेजा जाएगा।
इसके साथ ही प्रणाली शिकायतकर्त्ता को शिकायत प्राप्ति की पावती एसएमएस द्वारा वापिस भेजेगा। उसे शिकायत नंबर भी भेजेगा और निष्पादन के पहले से तय मानकों के आधार पर शिकायत निवारण में लगने वाले समय की सूचना दी जाएगी।