चंडीगढ़। अमेरिकी क्रिकेट टीम से खेलने वाले शहर के जसकरण सिंह ने गुरु दक्षिणा के तौर पर अपने कोच नागेश गुप्ता को जर्सी भेंट की है। इस जर्सी को पहनकर जसकरण ने अमेरिका से खेलते हुए छह गेंदों पर छह छक्के लगाए थे। वहीं पांचवें नंबर पर खेलते हुए 173 रन की पारी खेलते हुए साउथ अफ्रीका के बल्लेबाज एबी डेविलयर्स का 162 रन का रिकार्ड भी तोड़ा था।
गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल सेक्टर- 26 में क्रिकेट अकादमी में एक समय में कोच नागेश गुप्ता से जसकरण सिंह अभ्यास करते थे।
कोच ने बताया कि शनिवार को सेक्टर- 26 अकादमी पहुंचकर जसकरण सिंह ने जर्सी को उपहार के तौर पर कोच को भेंट की। उन्होंने कहा कि भारत आने पर उनका शिष्य उनसे मिलने जरूर आता है और यहां अभ्यास भी करता है। वह बेहतरीन बल्लेबाज और विकेट कीपर है। कोच ने बताया कि जसकरण सिंह ने जीएमएसएसएस सेक्टर-26 में 2006-2008 तक तीन साल तक अभ्यास किया। खेलने में निखार आने के बाद एक दोस्त के बुलावे पर अमेरिका चले गए। वहां पर क्रिकेट खेलना शुरू किया और जल्द ही अमेरिका की टीम के महत्वपूर्ण सदस्य भी बन गए। टीम की तीन साल तक कप्तानी भी संभाली। इन दिनों वह दुबई टी-10 लीग में भी खेल रहे हैं। कोच नागेश गुप्ता ने बताया कि जसकरण 14 मार्च तक सेक्टर- 26 अकादमी में अभ्यास करेंगे।