चंडीगढ़। आखिरकार चंडीगढ़ के खिलाड़ियों ने मोर्चा संभाल लिया है। सलामी बल्लेबाज मोहम्मद अर्सलान खान और डेब्यू कर रहे हरनूर सिंह पन्नू की शानदार 164 रनों की साझेदारी के चलते भुवनेश्वर में खेले जा रहे रणजी ट्रॉफी मैच में चंडीगढ़ ने अपनी दूसरी पारी में दो विकेट के नुकसान पर 234 रन बनाकर बड़ौदा को कड़ी टक्कर दी है । चंडीगढ़ को मात्र पहली पारी में 168 ढेर कर बड़ौदा ने पहली पारी में 517 रन बनाते हुए 349 रनों की मजबूत बढ़त बना ली थी। इसके बाद चंडीगढ़ ने दूसरी पारी में ठोस शुरुआत कर दी और दिन का खेल समाप्त कर यह बढ़त 115 रन तक कर दी है।
दूसरी पारी में मोहम्मद अर्सलान खान और हरनूर सिंह ने 40 ओवर तक 164 रन की मजबूत साझेदारी निभाई। आउट होने से पहले अर्सलान खान ने 72 और हरनूर सिंह ने 86 रन बनाए। तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक कप्तान मनन वोहरा (38) रन, अमृत लाल लुबाना (19) रन के साथ चंडीगढ़ ने दो विकेट के नुकसान पर 234 रन जुटा लिए हैं।