चंडीगढ़ में मंगलवार को कोरोना से जहां दो मरीजों की मौत की पुष्टि की गई, वहीं 79 नए मामले सामने आए। पॉजिटिव मिले मरीजों में पुरुषों की संख्या 44 और महिलाओं की संख्या 33 है। 79 मरीजों के मिलने के बाद शहर में पॉजिटिव मरीजों की संख्या 16848 हो गई है। वहीं अब तक 265 मरीजों की मौत हो चुकी है। जबकि 15455 मरीज ठीक हो चुके हैं।
ठंड के साथ ही पॉजिटिव मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग लोगों से संक्रमण से बचाव के मानकों का कड़ाई से पालन करने की अपील कर रहा है। मंगलवार को होम आइसोलेशन में रखे गए 66 मरीजों को डिस्चार्ज किया गया।
मंगलवार को जिन दो मरीजों की मौत की पुष्टि की गई, उनमें से सेक्टर-46 निवासी 50 वर्षीय पुरुष की मोहाली स्थित एक निजी अस्पताल में मौत हुई। वह कोरोना पॉजिटिव थे। वहीं, सेक्टर-37 निवासी 70 वर्षीय वृद्ध की शहर के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। वह कोरोना पॉजिटिव होने के साथ ही मधुमेह और अस्थमा के मरीज थे।